जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

सकलडीहा में दो नाबालिग लड़कियों से बदसलूकी, बचाने आए परिजन पर हमला; पुलिस जांच में जुटी

चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी में आई नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
 
 

नाबालिग लड़कियों से कथित छेड़छाड़

विरोध करने पर युवक की पिटाई

सकलडीहा थाने में मुकदमा दर्ज

आरोपी युवकों से पूछताछ शुरू

कानून तोड़ने वालों पर सख्ती: पुलिस

चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के एक गांव से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ गांव में अपनी रिश्तेदारी में आई एक नाबालिग लड़की, घर की ही एक दूसरी नाबालिग लड़की के साथ अपने दूसरे मकान की तरफ जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में पहले से ही घात लगाए बैठे गांव के कुछ मनबढ़ किस्म के युवकों ने दोनों लड़कियों पर सरेराह अभद्र टिप्पणियां कीं और उन्हें परेशान करने की कोशिश की।

विरोध करने पर भाई को पीटा
इस अचानक हुई बदसलूकी से दोनों लड़कियां बुरी तरह घबरा गईं और किसी तरह भागकर अपने घर पहुंचीं। उन्होंने रोते हुए परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। लड़कियों की बात सुनकर पीड़ित परिवार के लोग जब आरोपियों के पास विरोध दर्ज कराने पहुंचे, तो मनबढ़ युवक उलझ गए। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि दबंगों ने पीड़ित पक्ष के एक युवक को लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया।

सकलडीहा थाने में मुकदमा दर्ज
इस वारदात के बाद सहमा हुआ पीड़ित परिवार सीधे सकलडीहा थाने पहुंचा और नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। चंदौली से हमारे रिपोर्टर अश्विनी मिश्र के मुताबिक, पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपित युवकों को हिरासत में लिया है और थाने लाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्ती
इस मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष सकलडीहा भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि पीड़ित पक्ष से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जरूरी विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र की शांति व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*