अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई : सकलडीहा पुलिस और खनन विभाग ने आधी रात मारा छापा, JCB और ट्रैक्टर सीज
चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र के ओरवा गांव में रात के अंधेरे में हो रहे अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस और खनन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। मौके से एक जेसीबी और एक बिना नंबर का ट्रैक्टर सीज किया गया है।
ओरवा गांव में अवैध खनन
पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त कार्रवाई
एक जेसीबी और ट्रैक्टर सीज
थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद का एक्शन
बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर जब्त
चंदौली जिले के उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देशन में सकलडीहा पुलिस को अवैध धंधों के खिलाफ एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम को देर रात पुख्ता सूचना मिली कि ग्राम ओरवा में कुछ लोग जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर लगाकर धड़ल्ले से अवैध रूप से मिट्टी खनन का काला खेल खेल रहे हैं।
पुलिस और खनन विभाग ने घेरा ओरवा गांव
अवैध खनन की सटीक सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सकलडीहा ने बिना वक्त गंवाए तत्काल खनन विभाग को इसकी जानकारी दी। इसके बाद थानाध्यक्ष मय पुलिस टीम और खनन निरीक्षक सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय अपनी पूरी टीम के साथ रात के अंधेरे में ही ग्राम ओरवा पहुंच गए। मौके पर सचमुच अवैध रूप से मिट्टी की खोदाई की जा रही थी, जिस पर संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी।
बिना नंबर का ट्रैक्टर और जेसीबी सीज
अचानक हुई इस छापेमारी से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस और खनन विभाग की टीम ने बिना कोई मौका दिए खनन में लगी एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें तत्काल सीज कर दिया। जब्त की गई जेसीबी का चेसिस नंबर HAR3DXSSV02976824 है, जबकि पकड़ा गया ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट का है, जिसका चेसिस नंबर IPY5050DTGA024216 दर्ज किया गया है।
कार्रवाई करने वाली जांबाज टीम
अवैध खनन के खिलाफ इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में मुख्य रूप से खनन निरीक्षक सिद्धार्थ शंकर पाण्डेय अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। वहीं पुलिस महकमे से सकलडीहा कोतवाली के थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, कांस्टेबल प्रश्विन दूबे, कांस्टेबल रोहित गौड़ और रिक्रूट कांस्टेबल धीरज ने अपनी मुस्तैदी से इस पूरी छापेमारी को सफल बनाया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








