Sakaldiha Crime News: सकलडीहा में दिनदहाड़े बड़ी चोरी, सरेहुआ कला गांव में 20 लाख के जेवरात और नकदी लेकर फरार हुए चोर
चंदौली के सकलडीहा कोतवाली अंतर्गत सरेहुआ कला गांव में बुधवार को चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक घर से 20 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण और 70 हजार नगदी पार कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
सरेहुआ कला गांव में दिनदहाड़े चोरी
20 लाख के सोने-चांदी के जेवर गायब
70 हजार रुपये नकद भी ले उड़े चोर
नकाबपोश बदमाशों को भागते देखा
सकलडीहा पुलिस मामले की जांच में जुटी
चंदौली जनपद के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सरेहुआ कला गांव में बुधवार की दोपहर चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। बेखौफ चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 70 हजार रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
खाना खाने घर पहुँची बेटी तो उड़े होश
जानकारी के अनुसार, सरेहुआ कला निवासी अनिल पाण्डेय गांव के बाहर सड़क किनारे पशु आहार की दुकान चलाते हैं और उनकी पत्नी वहीं ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। बुधवार सुबह करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में ताला बंद कर अपने काम पर चले गए थे। दोपहर में जब अनिल पाण्डेय की पुत्री सानिया स्कूल से लौटकर अपनी मां के साथ खाना खाने घर पहुँची, तो अंदर का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और छत पर किसी के चलने की आहट सुनाई दी। सानिया ने जब छत पर जाकर देखा तो 4-5 नकाबपोश बदमाश बगल के निर्माणाधीन मकान में कूदकर भाग रहे थे।
लाखों के जेवरात और नगदी गायब
भुक्तभोगी अनिल पाण्डेय के अनुसार, चोरों ने अलमारी और बक्से के ताले तोड़कर दो जोड़ी सोने की चूड़ी, दो मंगलसूत्र, मांग टीका, चार सोने की चेन, सोने की अंगूठी और नेकलेस सहित लगभग 20 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए हैं। साथ ही घर में रखे 70 हजार रुपये नगद भी गायब मिले। घटना की सूचना मिलते ही छोटे भाई सुधीर पाण्डेय और परिवार के अन्य सदस्य वाराणसी से घर पहुँचे। परिवार की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की जांच और संदिग्ध परिस्थितियां
सूचना मिलते ही सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद का कहना है कि घर गांव के बीचों-बीच स्थित है, ऐसे में दिनदहाड़े इस तरह की बड़ी चोरी होना थोड़ा संदिग्ध लग रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और डॉग स्क्वायड व फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की मदद भी ली जा सकती है। पुलिस ने जल्द ही मामले का पर्दाफाश करने का दावा किया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







