सकलडीहा SDM फिर आए चर्चा में, ग्राम प्रधान ने स्मृति चिन्ह देखकर किया हौसला अफजाई
सकलडीहा के उप जिलाधिकारी के कार्य की सराहना
ग्राम प्रधान मंजू वर्मा एवं उनके प्रतिनिधि राजेश सेठ ने किया सम्मान
एसआईआर फीडिंग कार्य में पहले स्थान पर है सकलडीहा
उप जिलाधिकारी बोले- सक्रिय कार्यशैली और टीम वर्क जरुरी
चंदौली जनपद के सकलडीहा उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर एक बार फिर अपने कार्यों और कार्यशैली के कारण चर्चा में हैं। सरकारी कार्यों को समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के उनके प्रयासों को स्थानीय स्तर पर लगातार सराहा जा रहा है। इसी क्रम में तहसील मुख्यालय के ग्राम प्रधान मंजू वर्मा एवं उनके प्रतिनिधि राजेश सेठ ने उप जिलाधिकारी का सम्मान कर उन्हें एसआईआर सहित अन्य सरकारी कार्यों में हर संभव सहयोग देने का वादा किया।
सकलडीहा तहसील इस समय पूरे जिले में एसआईआर फीडिंग कार्य में पहले स्थान पर है। पूरे जिले के पाँचों तहसीलों में चल रहे इस कार्य में जहां अन्य स्थानों पर गति कम देखने को मिली, वहीं सकलडीहा ने उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में सबसे तेज़ प्रगति दर्ज की है। अभी तक के आंकड़ों के अनुसार तहसील ने लगभग 54 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया है, जिसे पूरा कराने में राजस्व टीम दिन-रात जुटी हुई है।
उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर न सिर्फ प्रशासनिक स्तर पर निगरानी कर रहे हैं, बल्कि स्वयं भी लगातार कार्यालय में मौजूद रहकर कर्मचारियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि निर्धारित समय सीमा से पहले शत-प्रतिशत एसआईआर फीडिंग कार्य पूरा किया जाएगा। इसी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उन्होंने कई बार तहसील कार्यालय में रात्रि विश्राम भी किया है तथा अपने सहयोगियों के साथ भोजन करते हुए रात भर कार्य की समीक्षा और प्रगति पर नज़र रखी है।
उनके साथ तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद, दिनेश शुक्ला सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी पूरी मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ इस महत्वूपर्ण कार्य को संपन्न कराने में जुटे हैं। आईजीआरएस निस्तारण एवं अन्य सरकारी कार्यों में भी सकलडीहा तहसील लगातार पहले पायदान पर बनी हुई है, जिसका श्रेय उप जिलाधिकारी की सक्रिय कार्यशैली और टीम वर्क को जाता है। उप जिलाधिकारी कुंदन राज कपूर और उनकी टीम का यह समर्पण प्रशासनिक दक्षता का एक उदाहरण प्रस्तुत करता है, जो जनपद में सकारात्मक संदेश दे रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







