सकलडीहा विधानसभा में 3 लाख मतदाताओं का होगा SIR, डोर-टू-डोर सत्यापन शुरू
सकलडीहा विधानसभा में विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू
4 नवंबर से 4 दिसंबर तक होगा डोर-टू-डोर मतदाता सूची सर्वे
SDM ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची को और अधिक शुद्ध और त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले यह गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम वर्ष 2003 में चलाया गया था, जिसका अर्थ है कि 22 साल बाद यह प्रक्रिया पुनः शुरू की गई है। सकलडीहा और चहनिया विकास खंड को मिलाकर इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख 43 हजार 526 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनका सत्यापन किया जाएगा।
एसडीएम ने ली अधिकारियों और दलों की बैठक
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए एसडीएम कुंदन राज कपूर ने तहसील परिसर में तहसील स्तरीय अधिकारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों (भाजपा, सपा, कांग्रेस आदि) के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी को एसआईआर की समय-सीमा और प्रक्रिया से अवगत कराया। एसडीएम ने अधिकारियों को मतदाता सूची का सत्यापन सख्त निर्देशों के साथ कराने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए या किसी का नाम अनावश्यक रूप से दो जगह दर्ज न हो।
डोर-टू-डोर सत्यापन की प्रक्रिया
मुख्य चुनाव आयुक्त के निर्देश पर यह एसआईआर कार्यक्रम 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) प्रत्येक घर जाकर डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे। बीएलओ द्वारा ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरा जाएगा, जिसमें प्रत्येक मतदाता की विस्तृत जानकारी दर्ज होगी। यदि पहली बार में किसी घर पर कोई मौजूद नहीं मिलता है, तो बीएलओ को तीन बार उनके यहां जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस प्रक्रिया से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी मतदाताओं के नाम केवल एक जगह पर ही मतदाता सूची में दर्ज हों।
इस मौके पर तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, बीडीओ विजय कुमार सिंह, बीडीओ चहनिया राजेश नायक, बीईओ अवधेश राय रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







