जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

पढ़ाई को लेकर परिजनों की डांटा तो ट्रेन के आगे कूद गया संतोष, घर का इकलौता था बेटा

चंदौली के सकलडीहा में पढ़ाई को लेकर डांट से नाराज 14 वर्षीय किशोर ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे ट्रैक से मिली साइकिल और स्कूल बैग में रखी कॉपी के आधार पर उसकी पहचान की गई।

 
 

पढ़ाई की डांट से नाराज छात्र ने दी जान

सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा

स्कूल बैग में रखी कॉपी से हुई शिनाख्त

परिजनों में मचा कोहराम और मातम

जीआरपी पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमार्टम

चंदौली जिले के सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बलारपुर गांव में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां के निवासी 14 वर्षीय किशोर करन यादव पुत्र संतोष यादव ने सकलडीहा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। दिनदहाड़े हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

स्कूल बैग और कॉपी से हुई छात्र की पहचान

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। रेलवे ट्रैक के पास से मृतक किशोर की साइकिल और स्कूल बैग बरामद हुआ। पुलिस ने जब बैग की तलाशी ली, तो उसमें से एक कॉपी मिली। कॉपी के पन्ने पर एक आवेदन पत्र (एप्लीकेशन) लिखा हुआ था, जिसमें छात्र ने अपने दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी मांगी थी। कॉपी में दर्ज नाम-पते के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर शव की शिनाख्त कराई।

पढ़ाई की डांट से नाराज था छात्र

परिजनों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि छात्र करन यादव को घर में पढ़ाई को लेकर डांट पड़ी थी। इसी बात से वह बहुत ज्यादा नाराज और क्षुब्ध हो गया था। शुक्रवार को स्कूल से निकलने के बाद वह अपनी साइकिल लेकर सीधे सकलडीहा रेलवे स्टेशन की तरफ चला गया। उसने अपनी साइकिल स्टेशन के पास खड़ी की और ट्रैक पर जाकर सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

हादसे की खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। जीआरपी दिलदारनगर पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सकलडीहा थाना प्रभारी भूपेंद्र निषाद ने बताया कि प्राथमिक जांच में परिजनों की डांट से दुखी होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*