भीषण गर्मी में पानी के लिए तरस रहे सकलडीहा के 50 हजार लोग, सिर्फ एक 'स्टार्टर' न होने से शोपीस बना ट्यूबवेल
सकलडीहा क्षेत्र में भीषण गर्मी और बिजली कटौती के बीच पानी का गंभीर संकट गहरा गया है। टिमिलपुर में जल निगम का ट्यूबवेल सिर्फ एक स्टार्टर न होने से बंद पड़ा है, जिससे 50 हजार से अधिक आबादी बूंद-बूंद पानी को मोहताज है।
सकलडीहा कस्बे के टिमिलपुर में गहराया पानी का बड़ा संकट
दो वर्षों से बंद पड़े ट्यूबवेल में अब तक नहीं लगा स्टार्टर
पचास हजार से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में जलापूर्ति ठप
ग्राम पंचायतों में हीट वेव को देखते हुए लगा मिनी वाटर थर्मस
एसडीएम कुंदन राज कपूर ने जल निगम को दिए सख्त निर्देश
चंदौली जिले के सकलडीहा क्षेत्र में पड़ रही अत्यधिक भीषण गर्मी के बीच स्थानीय नागरिकों को पानी के गंभीर संकट से जूझना पड़ रहा है। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और जल निगम के टैंकों से सुचारू रूप से पानी की आपूर्ति न होने के कारण लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
इसी क्रम में सकलडीहा कस्बा स्थित टिमिलपुर में लगे जल निगम के ट्यूबवेल का स्टार्टर न होने की वजह से पेयजल की भारी समस्या खड़ी हो गई है। स्थानीय नागरिकों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक इस समस्या का समाधान नहीं कराया जा सका है, जिससे कस्बावासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।
लापरवाही की हद: एक साल बाद मोटर तो आई, मगर स्टार्टर गायब
सकलडीहा कस्बे के टिमिलपुर में जल निगम के दो ट्यूबवेल स्थापित हैं, जिनसे सकलडीहा कस्बा, नागेपुर, टिमिलपुर, तेन्दूई, सिरोहुपुर, दुर्गापुर और ईटवा गांवों के करीब 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के घरों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। गौरतलब है कि बीते दो वर्ष पूर्व जल निगम के प्रथम ट्यूबवेल की मोटर खराब होने के कारण यहाँ से जलापूर्ति पूरी तरह बंद हो गई थी। स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों के भारी विरोध एवं हो-हल्ला मचाने के एक साल बाद विभाग द्वारा मोटर तो लगा दी गई, लेकिन उसमें स्टार्टर नहीं लगाया गया। स्टार्टर के अभाव में यह ट्यूबवेल आज भी महज एक शोपीस बना हुआ है। वहीं, दूसरे ट्यूबवेल से पानी का प्रेशर बेहद कम होने के कारण पानी की टंकी को भरने में ही 6 से 8 घंटे का लंबा समय लग जाता है। इसके चलते उपभोक्ताओं को पूरे दिन में केवल 10 से 15 मिनट ही पानी मिल पाता है।
राहत की कोशिश: ग्राम पंचायतों में लगाए गए मिनी वाटर थर्मस
बढ़ती तपन और हीट वेव (लू) की गंभीर समस्या को देखते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) के निर्देश पर एक राहत कार्य भी शुरू किया गया है। एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने विकास खंड के सभी 104 गांवों में स्थित ग्राम पंचायत भवनों पर 'मिनी वाटर थर्मस' लगवाया है ताकि राहगीरों और ग्रामीणों को शीतल पेयजल मिल सके। शासन की ओर से बिजली और पानी की व्यवस्था को लेकर बेहद सख्त निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत बंद पड़े हैंडपंपों की मरम्मत का कार्य भी शुरू करा दिया गया है।
एसडीएम ने लिया संज्ञान
जनता की इस बेहद जरूरी और संवेदनशील समस्या को लेकर सकलडीहा के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) कुंदन राज कपूर ने मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों को आश्वस्त करते हुए बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और वे स्वयं इस पर नजर बनाए हुए हैं।
एसडीएम ने कहा कि संबंधित जल निगम विभाग के माध्यम से उक्त ट्यूबवेल में तत्काल नया स्टार्टर लगवाया जाएगा। विभाग को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि टिमिलपुर ट्यूबवेल को अविलंब चालू करके क्षेत्र के 50 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को पेयजल की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








