जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा में एसडीएम आकांक्षा सिंह का एक्शन: 391 बूथों पर 21, 22, 28 और 29 नवंबर को चलेगा विशेष अभियान

चंदौली के सकलडीहा में चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले विशेष अभियान में मतदाता नाम जुड़वा और सुधरवा सकते हैं।
 

सकलडीहा बूथों पर मतदाता सूची प्रकाशित

एसडीएम आकांक्षा सिंह ने की समीक्षा

17 नवंबर से शुरू विशेष पुनरीक्षण

21 22 28 29 नवंबर विशेष अभियान

सकलडीहा में 391 बीएलओ तैनात

 चंदौली जिले की सकलडीहा विधानसभा के अलग-अलग बूथों पर भारतीय चुनाव आयोग के निर्देशों के पालन में मंगलवार को मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह और तहसीलदार अभिजीत प्रताप ने विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर आधिकारिक तौर पर मतदाता सूची जारी की। प्रशासनिक स्तर पर सूची प्रकाशन की इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य आगामी चुनावों के मद्देनजर मतदाता सूची को अद्यतन, पारदर्शी और पूरी तरह त्रुटिरहित बनाना है। सूची प्रकाशित होते ही मतदान केंद्रों पर हलचल बढ़ गई है।

17 नवंबर से 16 दिसंबर तक विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम
चुनाव आयोग द्वारा तय किए गए आधिकारिक शेड्यूल के मुताबिक, 17 नवंबर से लेकर 16 दिसंबर तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस एक महीने की समयावधि के दौरान 21 नवंबर, 22 नवंबर, 28 नवंबर और 29 नवंबर को मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किए जाएंगे। इन विशेष तिथियों में बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहेंगे, जिससे आम नागरिक और मतदाता आसानी से अपने आवेदन पत्र जमा कर सकें और प्रक्रिया को बिना किसी परेशानी के पूरा किया जा सके।

फॉर्म 6, 7 और 8 के जरिए किए जाएंगे आवश्यक संशोधन
विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान बीएलओ द्वारा फॉर्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 के माध्यम से सूची दुरुस्त की जाएगी। इसके तहत नए पात्र युवाओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म 6, दोहरे या मृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 और नाम, पते या विवरण में सुधार के लिए फॉर्म 8 भरा जाएगा। एसडीएम आकांक्षा सिंह ने सभी बीएलओ को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम हर हाल में जोड़ा जाए और दोहरे दर्ज नामों को प्राथमिकता पर हटाया जाए।


एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बैठक में दी चुनावी तंत्र की जानकारी
अभियान को सुचारू रूप से लागू करने के उद्देश्य से एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बुधवार को अपने कार्यालय परिसर में संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने जानकारी दी कि सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में कुल 391 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इस पूरे अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कराने के लिए 391 बीएलओ, 206 पदविहित अधिकारी, 36 सुपरवाइजर, 5 सहायक निर्वाचक निबंधन अधिकारी (AERO) और 1 निर्वाचक निबंधन अधिकारी (ERO) की तैनाती की गई है।

पात्र मतदाताओं से बूथ जाकर आवेदन करने की अपील
एसडीएम और तहसील प्रशासन ने सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपने संबंधित बूथों पर जाएं। जो नागरिक पात्रता पूरी कर रहे हैं या जिनका नाम अब तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है, वे नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन जमा करें। साथ ही, किसी भी प्रकार के संशोधन या सुधार के लिए भी निर्धारित तिथियों में बूथ पर उपस्थित बीएलओ के पास संपर्क कर सकते हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*