जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

गंगा का जलस्तर देखने मैदान में उतरीं SDM आकांक्षा सिंह: बाढ़ प्रभावित गांवों का किया दौरा, अफसरों को अलर्ट रहने के निर्देश

सकलडीहा उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने गुरुवार को चहनियां क्षेत्र के टांडा, सरौली और मोहम्मदपुर सहित कई बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट रहने और ग्रामीणों से लगातार संवाद बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।

 
 

एसडीएम आकांक्षा सिंह ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

टांडा, सरौली और मोहम्मदपुर गांव में स्थिति का लिया जायजा

गंगा किनारे बसे ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क निगरानी रखने के निर्देश

फिलहाल गंगा का जलस्तर सामान्य, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट

चंदौली जिले के चहनिया इलाके में गंगा नदी के जलस्तर पर नजर रखने और संभावित बाढ़ के खतरे से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। गुरुवार को सकलडीहा की उपजिलाधिकारी (SDM) आकांक्षा सिंह ने चहनियां क्षेत्र के कई बाढ़ प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए।

sdm-aakanksha-singh-inspected-flood-affected-areas

टांडा और मोहम्मदपुर समेत कई गांवों का किया दौरा
निरीक्षण के दौरान एसडीएम आकांक्षा सिंह ने टांडा, सरौली, मोहम्मदपुर, जमालपुर और शेरपुर सरैया सहित अन्य संवेदनशील गांवों का दौरा किया। उन्होंने गंगा किनारे बसे ग्रामीणों से बातचीत की और उन्हें सतर्क रहने की सलाह दी। एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि वे ग्रामीणों के साथ लगातार संवाद बनाए रखें ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके।

फिलहाल गंगा का जलस्तर सामान्य, लेकिन प्रशासन मुस्तैद
उपजिलाधिकारी ने निरीक्षण के बाद बताया कि फिलहाल गंगा नदी का जलस्तर बहुत ज्यादा नहीं बढ़ा है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। हालांकि, मानसूनी मौसम को देखते हुए किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर रखी है। उन्होंने राजस्व टीम और लेखपालों को नियमित रूप से क्षेत्रों का दौरा कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी के साथ तहसील प्रशासन की पूरी टीम मौजूद रही। मौके पर तहसीलदार अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार राजेन्द्र प्रसाद, दिनेश चंद्र शुक्ला, लेखपाल प्रवीण सिंह, बृजेश मिश्रा, अखिलेश मिश्रा और चंदन यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने की ताकीद की गई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*