जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा SDM आवास के पास से तहसील कर्मी की बाइक गायब, CCTV में नहीं दिखी गाड़ी, पुलिस मान रही संदिग्ध

चंदौली के सकलडीहा में एसडीएम आवास के पास से तहसील कर्मी की बाइक चोरी होने के दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। सीसीटीवी फुटेज में बाइक की आवाजाही न दिखने पर पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।

 
 

सकलडीहा SDM आवास परिसर से बाइक गायब

तहसील कर्मी की तहरीर पर केस दर्ज

CCTV फुटेज में नहीं दिखी चोरी गई बाइक

घटना को संदिग्ध मानकर जांच में जुटी पुलिस

चंदौली जिले के सकलडीहा कस्बे में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एसडीएम आवास परिसर के पास से तहसील कर्मी की बाइक चोरी हो गई। घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। 

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित हिमांशु श्रीवास्तव सकलडीहा तहसील के संग्रह विभाग में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं। वे सकलडीहा स्थित सरकारी आवास कैंपस में रहते हैं। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उन्होंने अपनी हीरो बाइक (UP 65 DQ 7662) अपने सरकारी आवास के सामने खड़ी की और दफ्तर चले गए।

शाम करीब 4 बजे जब वे दफ्तर से वापस लौटे, तो बाइक अपनी जगह पर मौजूद नहीं थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब गाड़ी का कहीं पता नहीं चला, तब उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

हालांकि, जांच के दौरान पुलिस के सामने कुछ हैरान करने वाले तथ्य आए हैं। थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच उस बाइक नंबर की आवाजाही फुटेज में कहीं नजर नहीं आई।

सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी न दिखने के कारण पुलिस प्रथम दृष्टया इस पूरी घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है। थानाध्यक्ष के अनुसार, केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने के लिए सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*