जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

धानापुर ब्लॉक में लगा सेवा सेतु शिविर, विधायक सुशील सिंह ने दिया इन सरकारी योजनाओं पर जोर

चंदौली के धानापुर ब्लॉक में सेवा सेतु अभियान के तहत विकास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, कृषि और आजीविका मिशन सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
 

धानापुर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन

ग्रामीणों को मिली जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

स्वास्थ्य मेला और कृषि विभाग का लगा स्टॉल

विधायक सुशील सिंह ने किया योजनाओं का प्रचार

एक ही स्थान पर हुआ समस्याओं का समाधान

चंदौली जिले के धानापुर ब्लॉक परिसर में बुधवार को सेवा सेतु अभियान के तहत एक विशाल शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना था। शिविर में शासन के विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए थे। यहां पहुंचे ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई और साथ ही पात्र लोगों को लाभ पाने की पूरी प्रक्रिया भी समझाई गई।

धानापुर ब्लॉक में सेवा सेतु शिविर आयोजित: ग्रामीणों को मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी, विधायक सुशील सिंह रहे मौजूद

स्वास्थ्य, कृषि और आजीविका मिशन के लगे स्टॉल
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया, जिसमें ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं और विभागीय योजनाओं से अवगत कराया गया। पशु चिकित्सा विभाग के स्टॉल पर पशुपालकों को पशुओं की देखभाल और इलाज की जानकारी मिली। कृषि विभाग ने किसानों को आधुनिक खेती और कृषि योजनाओं के बारे में बताया, जबकि स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों के दाखिले पर जोर दिया गया। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आंगनबाड़ी और पंचायती राज विभाग ने भी अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी दी।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ: विधायक
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सैयदराजा क्षेत्र के विधायक सुशील सिंह ने शिविर को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का सीधा फायदा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। विधायक ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर पात्र लोगों को चिन्हित करें। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी लाभ पाने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

एक ही स्थान पर समस्याओं के समाधान का मौका
विधायक सुशील सिंह ने आगे कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होते हैं। यहां एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की जानकारी मिल जाती है और समस्याओं का तुरंत समाधान भी हो जाता है। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार मिश्रा, गोपाल बिंद, रमेश द्विवेदी, लक्ष्मण सिंह, बृजेश सिंह गुड्डू समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन ज्ञानू सिंह ने किया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*