शहीद दुर्गेश सिंह के नाम पर गांव में बनेगा 'स्मृति उपवन', कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने की घोषणा

जौनपुर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए हेड कांस्टेबल दुर्गेश सिंह
गांव उकनी वीरम राय में होगा स्मृति उपवन का निर्माण
मुख्य सड़क पर बनेगा 'शहीद द्वार'
सड़क का नाम भी होगा समर्पित
कैबिनेट मंत्री ने परिजनों से मिलकर व्यक्त किया शोक संवेदना
चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र के उकनी वीरम राय गांव के निवासी दिना सिंह के छोटे पुत्र हेड कांस्टेबल दुर्गेश सिंह की शहादत को अमर रखने के लिए सरकार के कैबिनेट मंत्री ने बड़ी घोषणा की है। शहीद दुर्गेश सिंह के नाम पर गांव में सरकारी जमीन पर जहां एक स्मृति उपवन बनाया जाएगा वही गांव की मुख्य सड़क पर स्मृति द्वार के साथ गांव की सड़क का नाम शहीद के नाम पर रखा जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने शुक्रवार को शहीद के परिजनों से मुलाकात के दौरान सार्वजनिक किया।

जौनपुर में ड्यूटी के दौरान दुर्गेश सिंह की शहादत हुई थी, जब वह पशु तस्करों को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान तस्करों ने उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। यह घटना पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली रही।
परिजनों से मिलकर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने गहरी संवेदना प्रकट की और सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शहीद के नाम पर स्मृति उपवन और सड़क का नामकरण न केवल उनके बलिदान को सम्मान देने का प्रतीक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देगा।

इस मौके पर अनिल राजभर ने पशु तस्करों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कहा कि इन पर नकेल और अधिक कसी जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी आह्वान किया कि वे तस्करों के खिलाफ एकजुट होकर समाज की सफाई में भागीदार बनें।
कैबिनेट मंत्री ने सपा प्रमुख पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "सपा शासनकाल और वर्तमान सरकार के समय में अपराध की तुलना कर लें, जनता को सब पता है। सपा के शासन के दौरान के अपराध आज भी जनता के जेहन में जिंदा हैं।"
शहीद दुर्गेश सिंह की शहादत को लेकर पूरे गांव में शोक और गर्व का माहौल है। अब यह स्मृति उपवन गांव के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक बनेगा।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*