जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा में सूदखोरों का आतंक देख 7 लाख ऐंठने वाले 2 सूदखोरों को पुलिस ने भेजा जेल

चंदौली के सकलडीहा में डेढ़ लाख रुपये के कर्ज के बदले 7 लाख वसूलने वाले दो सूदखोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला को लगातार डराने-धमकाने और अवैध वसूली करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
 

डेढ़ लाख के बदले वसूले सात लाख

सकलडीहा पुलिस ने दो सूदखोर दबोचे

पीड़ित महिला को मिली मानसिक राहत

रंगदारी और धमकी पर दर्ज मुकदमा

चंदौली में सूदखोरों के बीच हड़कंप

चंदौली जिले के सकलडीहा थाना क्षेत्र में एक गरीब महिला को मजबूरी में उधार लेना भारी पड़ गया। पीड़ित महिला ने अपनी जरूरत के समय आरोपियों से डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। लेकिन मदद के नाम पर महिला सूदखोरी के ऐसे जाल में फंसी कि उसका निकलना मुश्किल हो गया।

ब्याज के नाम पर 3 साल तक ऐंठे 7 लाख
महिला का आरोप है कि पिछले तीन सालों में उससे ब्याज के नाम पर थोड़ा-थोड़ा करके लगभग 7 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। इसके बावजूद आरोपियों का लालच खत्म नहीं हुआ। वे हर महीने रुपयों की मांग करते हुए महिला को डराते-धमकाते थे और बार-बार पैसे देने के बाद भी उसका उत्पीड़न जारी रखा।

परेशान महिला पहुंची थाना
लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर पीड़िता ने सकलडीहा थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। थाना अध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू करवाई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने अवैध वसूली और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंभूनाथ यादव (45 वर्ष) और सच्चिदानंद उपाध्याय (46 वर्ष), निवासी ग्राम रैथा, थाना धीना के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस के इस सख्त एक्शन से इलाके के सूदखोरों में हड़कंप मच गया है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*