जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

अगहर वीर बहुरिया नदी में डूबा रैथा गांव का सुनील, युवक का तीसरे दिन मिला शव, मचा कोहराम

चंदौली के धीना क्षेत्र में शौच के दौरान नदी में पैर फिसलने से डूबे 28 वर्षीय सुनील राम का शव घटना के तीसरे दिन कम्हरी बरहन गांव के पास शीशम के पेड़ में फंसा मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

 
 

अगहर वीर बहुरिया नदी में डूबा युवक

रैथा गांव के 28 वर्षीय सुनील की मौत

घटना के तीसरे दिन मिला युवक का शव

कम्हरी बरहन में पेड़ में फंसा मिला शव

धीना थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत रैथा गांव के निवासी 28 वर्षीय सुनील राम गुरुवार को शौच के लिए अगहर वीर बहुरिया नदी के किनारे गए थे। नदी के पास पानी छूने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने नदी में उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका था।


तीसरे दिन 4 किलोमीटर दूर पेड़ में फंसा मिला शव
शनिवार को घटना के तीसरे दिन गांव से करीब चार किलोमीटर दूर कम्हरी बरहन गांव की पुलिया से 100 मीटर पूर्व ग्रामीणों ने नदी के पानी में एक शीशम के पेड़ में युवक का सिर और हाथ फंसा हुआ देखा। नदी में शव देखते ही स्थानीय लोगों ने इसकी तुरंत सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दोपहर लगभग 12 बजे धीना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
थानाध्यक्ष दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 11 बजे रैथा गांव के ग्रामीणों द्वारा नदी के शीशम के पेड़ में शव फंसे होने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई और उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।

गांव और परिवार में छाया मातम
सुनील राम का शव मिलने की खबर जैसे ही उनके गांव रैथा पहुंची, परिजनों में चीख-पुकार और कोहराम मच गया। तीन दिनों से सुनील के सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*