नौली और मद्धूपुर गांव में दो घरों को चोरों ने बनाया निशाना, धानापुर इलाके में चोरों की सक्रियता बढ़ी
चंदौली में गमजदा परिवार पर चोरों का कहर
चोरी की सिलसिलेवार घटनाएं जारी
मासूम की मौत के बाद घर से लाखों की चोरी
चंदौली जिले के धानापुर थाना क्षेत्र के नौली गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक परिवार को दोहरी मार का सामना करना पड़ा। पहले चार माह की मासूम बच्ची दिवंशी की मौत का गम और उसके ठीक बाद चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया। चोरों ने छत के रास्ते घर में घुसकर सोने के गहने और 50 हजार रुपये नकद सहित लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब परिवार अपनी बच्ची के निधन का दुख मना रहा था।

चोरी की सिलसिलेवार घटनाएं
यह कोई अकेली घटना नहीं है। इससे पहले, 19 सितंबर को अहिकौरा गांव में राधेश्याम पाल की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद उनके घर से भी ढाई लाख रुपये की चोरी हुई थी। इन घटनाओं के क्रम में, चोरों ने मध्दुपुर गांव में उदल राम के घर को भी नहीं बख्शा। चोरों ने पहले उनकी दुकान का ताला तोड़ा और फिर घर में घुसकर बीस हजार रुपये नकद और अन्य कीमती सामान चुरा लिए।

पुलिस जांच में जुटी
सुबह जब जीवानंद मौर्य के परिवार की नींद खुली, तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ देखकर वे दंग रह गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और चोरों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

लगातार हो रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस से चोरों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है। इस घटना ने जीवानंद मौर्य के परिवार की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं, क्योंकि उनकी मां अन्नपूर्णा देवी पहले से ही बीमार चल रही हैं। वहीं, धानापुर बाजार के पास धीरज शर्मा के घर से साइकिल चोरी की घटना भी सामने आई है। ये सभी घटनाएं क्षेत्र में बढ़ती हुई आपराधिक गतिविधियों को दर्शाती हैं, जिससे लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







