दिनदहाड़े वृद्धा से डेढ़ लाख के गहने लेकर फरार हुए उचक्के, पुलिस जांच में जुटी
बलुआ थाना क्षेत्र में बढ़ी ठगी की वारदातें
70 वर्षीय वृद्धा बनीं ठगों का शिकार
सोने की चेन और कान की बाली लेकर बदमाश फरार
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कर रही जांच
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत चहनियां चौराहे पर रविवार सुबह उचक्कों ने पुलिस की मौजूदगी के बावजूद बड़ी वारदात को अंजाम दिया। धानापुर कस्बा निवासी 70 वर्षीय बिन्दा देवी पत्नी स्व. बसंतु से दो युवकों ने बहला-फुसलाकर उनकी सोने की चेन और कान की बाली ठग लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में बलुआ थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की पहचान हेतु चहनियां बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
आपको बता दें कि पीड़िता बिन्दा देवी अपने मायके से धानापुर लौटने के लिए चहनियां स्थित टेम्पो स्टैंड पर बैठी थीं। इसी दौरान दो युवक पास आकर बैठे और खुद को भी धानापुर जाने वाला बताया। बातचीत के दौरान युवकों ने महिला को यह कहकर सतर्क किया कि बाजार में गहनों की लूट हो रही है, इसलिए वह अपनी चेन व बाली बैग में रख लें। भोली-भाली वृद्धा उनकी बातों में आकर जैसे ही गहने बैग में रखने लगीं, दोनों युवक उन्हें लेकर मौके से भाग निकले।
बताते चलें कि पीड़िता ने शोर मचाते हुए पीछा भी किया, लेकिन आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। घबराई वृद्धा किसी तरह धानापुर पहुंची और घटना की जानकारी पुलिस को दी। उनके अनुसार लूटे गए गहनों की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जल्द ही अभियुक्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस ठगी की वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







