जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

विधायकजी देख लीजिए..अपनी विधानसभा का हाल, कई दिनों में नहीं बदले जा रहे हैं ट्रांसफॉर्मर

ग्रामीणों का कहना है कि यही हैं ‘अच्छे दिन’ जो डबल इंजन की सरकार में देखने को मिल रहे हैं। बिजली विभाग की इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा है और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
 

सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के इलाके का हाल

3 गांवों में 5 दिनों से जले हैं ट्रांसफार्मर

शिकायत के बाद भी बिजली विभाग बना तमाशबीन

डीएम साहब के आदेश को रखते हैं ठेंगे पर 

चंदौली जिले के सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के तीन गांवों में पिछले कई दिनों से जले हुए ट्रांसफार्मर के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, लेकिन बिजली विभाग इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। शासन और जिला प्रशासन के स्पष्ट आदेश के बावजूद विभाग की चुप्पी से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

शासन का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी गांव में ट्रांसफार्मर जलने की स्थिति में 24 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, लेकिन चंदौली में इन आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। सरयां (धानापुर) का ट्रांसफार्मर पिछले सात दिनों से जला हुआ है, वहीं डेढ़गांवा (धीना) में पांच दिन और कोहना (कमालपुर) में तीन दिन से बिजली नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि यही हैं ‘अच्छे दिन’ जो डबल इंजन की सरकार में देखने को मिल रहे हैं। बिजली विभाग की इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा है और उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त यूनियन के जिलाध्यक्ष शेषनाथ यादव ने बताया कि यदि 29 जुलाई तक इन गांवों में ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए तो 30 जुलाई को यूनियन कार्यकर्ता डीएम कार्यालय का घेराव करेंगे।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग शासन और प्रशासन के आदेशों को अनदेखा कर रहा है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों की सिंचाई, बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। अब ग्रामीण आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*