जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

धरांव गांव में 9 माह से खराब पड़ा नलकूप, धान की खेती पर मंडराया संकट

किसानों का आरोप है कि नलकूप का ऑपरेटर भी महीनों से लापता है और फोन तक नहीं उठाता। इससे किसानों की नाराजगी और चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
 

 नलकूप का ऑपरेटर भी महीनों से लापता

फोन तक नहीं उठाता है ऑपरेटर

अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार दे रहे गोल मटोल जवाब

चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र के ग्राम सभा धरांव में किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। गांव के दक्षिण सिवान में स्थित राजकीय नलकूप संख्या 69 का स्टार्टर पिछले नौ महीने से खराब पड़ा है, जिससे सिंचाई पूरी तरह बाधित हो गई है। परिणामस्वरूप सैकड़ों एकड़ खेतों में धान की रोपाई नहीं हो पा रही है और किसान भारी संकट में हैं।

स्थानीय किसानों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों, जेई से लेकर अधिशासी अभियंता तक को लिखित और मौखिक रूप से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। मानसून भी अभी तक अनुकूल नहीं रहा, जिससे खेत सूखे पड़े हैं और नर्सरी तैयार होने के बावजूद रोपाई नहीं हो पा रही है।

किसानों का आरोप है कि नलकूप का ऑपरेटर भी महीनों से लापता है और फोन तक नहीं उठाता। इससे किसानों की नाराजगी और चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। किसान इरशाद खां, मल्ली अहमद, गब्बर खां, भानू और मुन्ना ने बताया कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।

इस मामले में अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार से पूछे जाने पर उन्होंने गोलमोल जवाब देते हुए कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि यदि नलकूप बंद है, तो उसे जल्द चालू कराने की कोशिश की जाएगी।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों की इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर नलकूप को चालू कराया जाए, ताकि किसान अपनी फसल बचा सकें और उनकी मेहनत बेकार न जाए।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*