टैम्पो चालक से अवैध वसूली करने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार, बलुआ पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

टैम्पो चालक रविकान्त पाण्डेय की शिकायत पर एक्शन
विमलेश पाण्डेय व कमलेश पाण्डेय को किया गया है अरेस्ट
टैम्पो चालकों से अवैध वसूली का है मामला
चंदौली जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर बलुआ थाना पुलिस ने टैम्पो चालक से अवैध वसूली करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज के पर्यवेक्षण में की गई।

थाना बलुआ क्षेत्र के गुरेरा गांव निवासी टैम्पो चालक रविकान्त पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दो व्यक्ति लगातार टैम्पो संचालन के नाम पर अवैध धन वसूल रहे हैं। इस पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर गुरेरा गांव निवासी विमलेश पाण्डेय और कमलेश पाण्डेय, पुत्रगण स्व. राममूरत पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों ने 29 जून 2025 को दोपहर लगभग 2:55 बजे चहनियां से तिरगांवा मार्ग पर टैम्पो संचालन के एवज में पैसे की मांग की थी।

बलुआ थाना में इनके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 155/2025 के तहत भारतीय दंड संहिता (बीएनएस) की धारा 308(5) और 351(3) के अंतर्गत केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस सफल कार्रवाई में बलुआ थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. आशीष कुमार मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक चन्द्रप्रताप सिंह और हेड कांस्टेबल विवेक सिंह की भूमिका अहम रही। पुलिस टीम ने पेशेवर ढंग से काम करते हुए आरोपियों को समय रहते गिरफ्तार कर लिया, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के प्रति "जीरो टॉलरेंस" की नीति के तहत कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि आम जनता को सुरक्षा और न्याय दिलाने के लिए पुलिस हरसंभव प्रयास कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है और लोग अब बेझिझक होकर अपनी शिकायतें दर्ज कराने को प्रेरित हो रहे हैं। यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ एक मजबूत चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*