जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

वीरासराय लिफ्ट कैनाल में हर साल होती है मशक्कत, कैसे होगा सिंचाई की समस्या समाधान

जब तक गंगा का जलस्तर स्थिर नहीं हो जाता, तब तक लिफ्ट कैनाल की मोटरें प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पाती हैं। इसलिए इसका कोई स्थायी समाधान खोजना जरूरी होता जा रहा है।
 

गंगा के जलस्तर में उतार-चढ़ाव से किसान परेशान

हर साल धान की सिंचाई होती है बाधित

अवर अभियंता सुनील कुमार यादव ने स्थायी समाधान की मांग की 

चंदौली जिले में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वीरासराय गांव के किसानों को सिंचाई में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र की लिफ्ट कैनाल प्रणाली, जो पूरी तरह गंगा के पानी पर निर्भर है, जलस्तर के कम या ज्यादा होने पर बार-बार बंद हो जाती है, जिससे किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं।

स्थानीय किसान शेषनाथ यादव ने बताया कि लिफ्ट कैनाल की मोटरें गंगा के पूर्वी तट पर लगी हुई हैं। जब भी नदी का जलस्तर बढ़ता है, तो मोटर और पाइप सिस्टम को ऊपर खींचना पड़ता है, और जलस्तर घटने पर उन्हें वापस नीचे उतारना पड़ता है। इस बार-बार की प्रक्रिया से मशीने खराब होने की संभावना बनी रहती है। साथ ही मशीनों की कार्यप्रणाली पर बुरा असर पड़ता है और किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पाता।

लिफ्ट कैनाल के अवर अभियंता सुनील कुमार यादव ने भी इस समस्या की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि यह हर साल मॉनसून के दौरान होने वाली एक सामान्य चुनौती है। जब तक गंगा का जलस्तर स्थिर नहीं हो जाता, तब तक लिफ्ट कैनाल की मोटरें प्रभावी ढंग से काम नहीं कर पाती हैं। इसलिए इसका कोई स्थायी समाधान खोजना जरूरी होता जा रहा है।

किसानों ने जिला प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। उनका कहना है कि हर साल मशीनों को खोलने और समायोजित करने से बेहतर है कि एक ऐसा स्थायी उपाय किया जाए, जिससे उनकी फसलें समय पर सींची जा सकें और उन्हें नुकसान न हो।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*