जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

महुअर गांव में जलजमाव से बिगड़ी हालात, नाली निर्माण नहीं होने से सड़क बनी तालाब

ग्रामीणों के अनुसार, पहले यह पानी गांव के पास स्थित एक पोखरे में चला जाता था, लेकिन अब उस पोखरे को मिट्टी डालकर पाट दिया गया है। नतीजतन, नाली के अभाव में यह पानी सड़कों पर बहने को मजबूर है।
 

बलुआ-टांडा कला मार्ग पर लगा रहता है पानी

महुअर गांव के पास जल निकासी की भारी समस्या

कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कर चुके हैं अपील

चंदौली जिले के चहनियां क्षेत्र स्थित बलुआ-टांडा कला मार्ग पर महुअर गांव के पास जल निकासी की भारी समस्या खड़ी हो गई है। गांव के घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने बदतर हो गए हैं कि सड़क कीचड़ से भर चुकी है और जगह-जगह गंदा पानी जमा हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, पहले यह पानी गांव के पास स्थित एक पोखरे में चला जाता था, लेकिन अब उस पोखरे को मिट्टी डालकर पाट दिया गया है। नतीजतन, नाली के अभाव में यह पानी सड़कों पर बहने को मजबूर है। गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

स्थानीय निवासी अमन यादव, अशोक यादव, बिपुल तिवारी, मधुबाला देवी, राधेश्याम तिवारी समेत अन्य लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही नाली का निर्माण नहीं कराया गया तो बरसात में स्थिति और भी विकराल हो जाएगी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न होने पर वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में आया है और जल्द ही जांच कर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। फिलहाल ग्रामीणों को शासन-प्रशासन से शीघ्र राहत की उम्मीद है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*