सड़क पर हुआ जल जमाव दे रहा है दुर्घटना को दावत, सुध नहीं ले रहे नेता और अधिकारी
चहनियां में जलजमाव बनी बड़ी समस्या
सड़क दुर्घटनाओं और बीमारियों का बना केंद्र
आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित
चंदौली जिले के चहनियां ब्लॉक स्थित रामगढ़ हरिजन बस्ती पक्खनपुर मार्ग पर बरसात के बाद जल जमाव ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। गड्ढों से भरी इस सड़क पर जमा गंदा पानी अब राहगीरों और स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए जानलेवा बन चुका है। कई बार राहगीर और बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं, कुछ लोगों के हाथ-पैर भी टूट चुके हैं।

गांव की यह जर्जर सड़क सरकार के विकास के दावों की पोल खोलती नजर आ रही है। जहां एक ओर केंद्र और राज्य सरकार गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय सड़कों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। लिंक मार्गों की हालत यह है कि एक ओर से बनते हैं तो दूसरी ओर उखड़ जाते हैं।
आगामी महीनों में बाबा किनाराम जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालु दूर-दराज से आने वाले हैं, लेकिन सड़क की खस्ताहाल स्थिति प्रशासन की तैयारी पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रही है। पिछली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मार्ग के सुंदरीकरण और चौड़ीकरण की घोषणा की थी, लेकिन वह वादा आज तक फाइलों से बाहर नहीं निकला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से सड़क का पानी घरों में और घरों का पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
गांववालों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। सरकार और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी ने इस इलाके को विकास के बजाय उपेक्षा का प्रतीक बना दिया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







