सकलडीहा रजवाहा की पुलिया का चौड़ीकरण शुरू, धान की नर्सरी के लिए चाहिए पानी
सिंचाई के सीजन के पहले काम पूरा करने का दबाव
किसानों ने जतायी चिंता
काम के चलते लग रहा है लंबा जाम
चंदौली से सैदपुर गंगा घाट तक सड़क का चौड़ीकरण कार्य शुरू चुका है। इसको लेकर विभाग की ओर कई जगह पुलिया का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में सकलडीहा रजवाहा के पुलिया का चौड़ीकरण कार्य शुरू करा दिया गया है। चौड़ीकरण के कारण सकलडीहा मार्ग पर लंबा जाम लग रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है क्योंकि धान की नर्सरी के लिए सिंचाई का पानी चाहिए, तब तक इसकी मरम्मत हो जानी चाहिए।
आपको बता दें कि नरायनपुर पंप कैनाल से जुड़ा सकलडीहा रजवाहा से रूपेठा, सरेहुआ, ताजपुर, दुर्गापुर, तेंदुई, नागेपुर, बलारपुर, सकलडीहा, अमावल, मनियारपुर, रैपुरा, फुल्ली, खोर व नोनार सहित अन्य गांव के किसानों के खेतों की सिंचाई होती है। वहीं धान की नर्सरी से पूर्व पुलिया के चौड़ीकरण का कार्य पूरा न होने पर किसानों के सामने सिंचाई की समस्या खड़ी हो जाएगी।
फिलहाल मौके पर पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से पुलिया का चौड़ीकरण कार्य शुरू करा दिया गया है। इसके कारण सकलडीहा से चहनियां जाने वाले मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग रही है।
इस संबंध में किसान नेता मनोज यादव, जितेंद्र तिवारी, कल्पनाथ यादव, राढ़ यादव व मुन्नीलाल ने शीघ्र पुलिया निर्माण की मांग की है। उधर, सकलडीहा रजवाहा की पुलिया का चौड़ीकरण कार्य शुरू होने से तहसील व सकलडीहा से रूपेठा जाने वाले मार्ग के प्रभावित होने की आशंका है।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*