जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

पति की मौत के बाद बेबस विधवा का संघर्ष जारी, बेटी के साथ टिन शेड में रह रही सुशीला, अफसर नहीं सुन रहे फरियाद

चंदौली के करी गांव की सुशीला देवी पति की मौत के बाद अपनी जमीन पर दीवार बनाने और चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने के लिए अफसरों के चक्कर काट रही हैं। दबंगों और ग्राम सचिव पर सांठगांठ का आरोप है।
 

सकलडीहा के करी गांव का मामला

पति की मौत के बाद विधवा का संघर्ष

जमीन और चकरोड पर दबंगों का कब्जा

ग्राम सचिव पर लगा सांठगांठ का आरोप

एसडीएम आकांक्षा सिंह ने दिए जांच के आदेश

चंदौली जिले के सकलडीहा तहसील क्षेत्र स्थित करी गांव की रहने वाली सुशीला देवी प्रशासनिक व्यवस्था के आगे बेबस नजर आ रही हैं। वे महीनों से अपनी निजी जमीन पर दीवार खड़ा करने और चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने के लिए अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रही हैं। सुशीला का आरोप है कि गांव के दबंग उन्हें दीवार नहीं बनाने दे रहे हैं और सार्वजनिक चकरोड पर भी कब्जा जमाकर बैठे हैं।

 पति की मौत के बाद टिन शेड में रहने को मजबूर
सुशीला के पति रामदुलार यादव की करीब ढाई महीने पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वे भी जीते जी अपनी जमीन और चकरोड को खाली कराने के लिए लगातार गुहार लगाते रहे। पति के जाने के बाद अब सुशीला अपनी नौ साल की मासूम बेटी के साथ टिन शेड में रहने को मजबूर हैं। परिवार में कोई दूसरा कमाने वाला नहीं है, जिससे उन पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

ग्राम सचिव पर भ्रष्टाचार और सांठगांठ का संगीन आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जमीन की पैमाइश और सीमांकन होने के बाद भी दबंग कब्जा नहीं छोड़ रहे हैं। इस पूरे मामले में एक ग्राम सचिव की भूमिका भी संदिग्ध है। सुशीला का कहना है कि संबंधित सचिव कई ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार में लिप्त है और बड़े अफसरों से मिलीभगत करके उनकी सुनवाई नहीं होने दे रहा है। विरोध करने वाले लोग पैसे वाले हैं, जिससे कोर्ट-कचहरी का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।

संपूर्ण समाधान दिवस से सीएम पोर्टल तक गुहार
इंसाफ पाने के लिए सुशीला ने संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल (IGRS) पर फिर से शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में सकलडीहा की एसडीएम आकांक्षा सिंह से बात की गई तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*