जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

महिलाओं ने पंचायत सचिवालय पर किया जोरदार प्रदर्शन, ग्राम प्रधान और सचिव पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की नालियों की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। टूटे ढक्कनों के कारण लोग आए दिन गिरकर चोटिल हो जाते हैं। गंदगी से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है।
 

गांव की महिलाओं ने पंचायत सचिवालय पर किया प्रदर्शन

ग्राम प्रधान और सचिव पर लगाया लापरवाही का आरोप

तीन साल से बंद पड़ा पंचायत सचिवालय

नालियों की सफाई न होने से बढ़ा मच्छरों का प्रकोप

उग्र आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिले के बरहनी विकास खंड के देवकली ग्राम पंचायत के मोहन भीट्टी गांव में बुधवार को ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने पंचायत सचिवालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों से विकास कार्य ठप पड़े हैं। ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की लापरवाही से लोग बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की नालियों की सफाई लंबे समय से नहीं हुई है। टूटे ढक्कनों के कारण लोग आए दिन गिरकर चोटिल हो जाते हैं। गंदगी से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। महिलाओं का कहना था कि पंचायत सचिवालय का ताला तीन साल से बंद है और प्रधान व सचिव कभी गांव नहीं आते।

गांव की निवासी सरिता, प्रभावती और सुनीता ने बताया कि उन्हें न तो प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल रहा है और न ही अन्य सरकारी सुविधाएं। सही रास्ता तक न होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि समस्याओं को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं और उन्होंने साफ कहा कि अब वे चुप बैठने वाली नहीं हैं।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*