जमीन दिलाने के नाम पर 50 लाख की ठगी, ASP से पीड़ितों ने लगाई गुहार
चंदौली में जमीन घोटाले का खुलासा
फुटिया और चौरहट के पीड़ित आए सामने
50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप
आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी
चंदौली जिले में जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला उजागर हुआ है। गुरुवार को फुटिया गांव के राजू विश्वकर्मा और चौरहट गांव के फराज सिद्दकी ने एएसपी अनंत चंद्रशेखर से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनसे कुल 50 लाख रुपये हड़प लिए गए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
राजू विश्वकर्मा के अनुसार, मनकपड़ा गांव के परमहंश मौर्या ने उन्हें मुगलसराय क्षेत्र के भोजपुर में जमीन दिलाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद उनकी मुलाकात भरत पासवान से कराई गई और तीन करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ। आरोपियों ने दूसरे की जमीन का कूटरचित दस्तावेज तैयार कर एग्रीमेंट करा लिया और 40 लाख रुपये एडवांस ले लिए। बाद में लेखपाल ने उन्हें बताया कि यह सौदा फर्जी है और एसडीएम ने उन्हें तलब किया है।

दूसरे पीड़ित फराज सिद्दकी ने बताया कि शिव कुमार और सुरेश चंद्र ने उनसे भी जमीन दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये ले लिए। जब उन्होंने आपत्ति की तो आरोपियों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि कोतवाली में शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी। एएसपी ने दोनों पीड़ितों का बयान दर्ज कर तत्काल जांच के आदेश दिए। पीड़ितों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है ताकि जमीन माफिया के इस गिरोह पर अंकुश लगाया जा सके।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







