जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

खेल को पढ़ाई के समान समझें, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की नसीहत

उन्होंने छात्रों को शिक्षकों का सम्मान करने और मुश्किलों को नजरअंदाज कर कड़ी मेहनत पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।
 

 नेशनल इंटर कॉलेज में 3 दिवसीय प्रतियोगिता शुरू

69वीं प्रांतीय तीरंदाजी विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता

रोहतास के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बृजेंद्र कुमार राय भी रहे मौजूद 

चंदौली जिले के सैयदराजा नेशनल इंटर कॉलेज में बुधवार को 69वीं प्रांतीय तीरंदाजी विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता का तीन दिवसीय आयोजन शुरू हुआ। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक सुशील सिंह और कॉलेज के पूर्व छात्र व बिहार के रोहतास में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बृजेंद्र कुमार राय ने तीर चलाकर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस प्रतियोगिता में कुल 12 मंडलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। यहां से विजेता टीमें राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

खेल जीवन का अभिन्न अंग
मुख्य अतिथि विधायक सुशील सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे खेलों को पढ़ाई के समान ही महत्व दें और ओलंपिक जैसी प्रतियोगिताओं में सफलता पाने के लिए उपलब्ध सुविधाओं का पूरा उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आज दुनिया में कई देशों की पहचान उनके खिलाड़ियों से है, और इन खिलाड़ियों को युवा अपना आदर्श मानते हैं।

विधायक ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकारें खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है, ताकि प्रतिभा होते हुए भी कोई खिलाड़ी पीछे न रह जाए। उन्होंने कहा कि सरकार के विभिन्न विभागों में खेल कोटा भी है, जिससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनकी योग्यता के अनुसार नौकरी मिल सकती है।

विधायक सुशील सिंह ने यह भी घोषणा की कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर पूरे प्रदेश में सांसद और विधायक खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू की जाएंगी, जिससे क्षेत्रीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। सरकार का लक्ष्य हर ब्लॉक में एक स्टेडियम बनाना भी है।

उन्होंने छात्रों को शिक्षकों का सम्मान करने और मुश्किलों को नजरअंदाज कर कड़ी मेहनत पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि दुनिया में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां खिलाड़ियों ने बिना सुविधा और कोचिंग के अपनी मंजिल हासिल की है। उन्होंने कहा कि चाहे पढ़ाई हो या खेल, अगर युवा पूरी लगन और मेहनत से काम करें तो सफलता निश्चित है।

इस अवसर पर बृजेंद्र कुमार राय, जेडी दिनेश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, मंगला सिंह, शशिकांत राय, शशांक पांडे, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवध बिहारी सिंह ने की और संचालन खेल शिक्षक भारत भूषण सिंह ने किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*