जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

जनपद के 97 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में चलेगी स्मार्ट क्लास, ऑनलाइन होंगे सभी ब्लाक संसाधन केंद्र

चंदौली जिले के परिषदीय विद्यालयों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए स्मार्ट क्लासों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जनपद के 97 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास बनाई जाएंगी।
 

चंदौली जिले में बच्चों को अच्छी सुविधा

97 स्कूलों में ऑनलाइन स्मार्ट क्लास की तैयारी

सभी ब्लाक संसाधन केंद्रों का होगा कायाकल्प

 

चंदौली जिले के परिषदीय विद्यालयों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए स्मार्ट क्लासों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जनपद के 97 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लास बनाई जाएंगी। शिक्षण व्यवस्था की निगरानी के लिए सभी नौ ब्लाक संसाधन केंद्र आनलाइन होंगे। यहां आइसीटी ( इंफार्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नालाजी) प्रयोगशाला (लैब) की स्थापना की जाएगी। प्रत्येक पर दो लाख रुपये खर्च आएगा। राज्य परियोजना निदेशालय की ओर से हरी झंडी मिल गई है। इसका लाभ विद्यालय के बच्चों व शिक्षकों को मिलेगा।

बताते चलें कि जनपद में 1185 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें 738 प्राथमिक व 447 पूर्व माध्यमिक विद्यालय हैं। इसके अलावा 10 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भी चलाए जा रहे हैं। पहले चरण में स्मार्ट क्लास के लिए विद्यालयों का चयन कर लिया गया है। विधायक निधि के अलावा स्वयं सेवी संस्थानों की मदद से चयनित स्कूलों में इस क्लास की व्यवस्था कराई जानी है। 


दरअसल, बेसिक शिक्षा विभाग को और से छह से 14 वर्ष आयु के बच्चों की शैक्षिक नींव को मजबूत बनाया जा रहा है। परिषदीय स्कूलों में निपुण अभियान के दायरे में रहकर नवाचारव शिक्षण व्यवस्था को नया आयाम देने का प्रयास जारी है। अब इस कड़ी में कान्वेंट स्कूलों की तरह परिषदीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की सुविधा दी जाएगी।

इन स्कूलों में एलईडी टीवी व इन्वर्टर की खरीद होगी। बच्चों की सोखने व समझने की क्षमता के अनुसार आनलाइन शैक्षिक पाठ्यक्रम व डिजिटल लाइब्रेरी की मदद ली जाएगी। स्मार्ट क्लास की सुविधा के साथ रख-रखाव व सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की होगी। 


स्मार्ट क्लास में होंगे ये संसाधन

ओपीएस सहित फ्लैट पैनल 75 इंच, वायरलेस की-बोर्ड व माउस, यूपीएस, वाईफाई डेटा कार्ड माडल, एचडी वेब कैमरा शामिल है।

इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों को विकसित करने की कवायद है। इसमे छात्रों को आधुनिक शिक्षा दी जाएगी। संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं, ताकि बेहतर सुविधा दी जाए। बीआरसी में आइसीटी प्रयोगशाला व 97 स्कूलों में स्मार्ट क्लास बनाई जाएंगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*