जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

भूपौली पंप कैनाल के खर्रा हेड पर टेल तक पानी पहुंचाने की मांग, बंधक बने अवर अभियंता

भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने कहा कि सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण जिले के किसानों को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है।
 

भारतीय किसान यूनियन का धरना जारी

अवर अभियंता इंद्र बहादुर यादव को किसानों ने बनाया बंधक

मांगें पूरी होने तक धरना जारी

चंदौली जिले के भूपौली पंप कैनाल के खर्रा हेड पर टेल तक पानी नहीं पहुंचने पर भारतीय किसान यूनियन के धरना चल रहा है। शुक्रवार की दोपहर तीन बजे धरना स्थल पर पहुंचे अवर अभियंता इंद्र बहादुर यादव को किसानों ने बंधक बना लिया। इसकी जानकारी होते ही विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारी किसानों से बात करने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी बात पर अड़े रहे। हालांकि, अलीनगर थाने से पहुंची पुलिस किसानों को समझा बुझाकर देर शाम आठ बजे जेई को मुक्त कराया। किसानों ने चेताया मांग पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।


इस दौरान भारतीय किसान यूनियन के मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने कहा कि सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण जिले के किसानों को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि क्षेत्रीय किसानों को सिंचाई के लिए बनाए गए भूपौली पंप कैनाल का फायदा नहीं मिल रहा है। एक तरफ जहां नहर के टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है वहीं दूसरी ओर हेड के पास के किसानों को भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। जिससे उनके फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही है। भूपौली पंप कैनाल व नरायनपुर पम्प कैनाल की माइनरों में भी पर्याप्त पानी नहीं है। शुक्रवार की दोपहर तीन बजे मौके पर पहुंचे जेई इंद्र बहादुर यादव को किसानों ने धरना स्थल पर ही बंधक बना लिया। इसकी जानकारी होते ही विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

 वहीं एक्सईएन मनोज कुमार सिंह किसानों को समस्या दूर कराने का आश्वासन दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के हस्ताक्षेप से पांच घंटे बाद देर शाम आठ बजे जेई को किसान मुक्त किये। 

धरना देने वालों में मंडल उपाध्यक्ष प्रेम नारायण मौर्य, मंडल महासचिव विभूति नारायण तिवारी, राधेश्याम शुक्ला, रामआसरे प्रजापति, सोमनाथ राय, रामलखन पांडेय, शिवपूजन शर्मा, सुरेंद्र यादव, शंकर मौर्य, नारायण तिवारी, रमेश यादव, अमित पांडेय, लक्ष्मी मौर्य, रामसूरत मौर्या, मनोज यादव आदि शामिल रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*