जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ये है चंदौली जिले में नगर निकाय चुनाव में वोटरों की संख्या, जारी हो गयी अंतिम मतदाता सूची

चंदौली नगर पंचायत में 925 नए मतदाता बढ़े हैं तो 86 लोगों का नाम कटा है और 59 मतदाताओं का संशोधन किया गया है।
 



जानिए कहां कितने नाम जुड़े और कितने कटे

सर्वाधिक वोटर मुगलसराय में बढ़े

नगर पंचायतों का ऐसा रहा हाल

चंदौली जिले के सभी चारों निकायों के मतदाता सूची का शुक्रवार को अंतिम प्रकाशन किया गया। मतदाता सूची में 1,54,588 मतदाता शामिल हैं। इसमें 9302 नए वोटर दर्ज किए गए हैं। वहीं 1659 के नाम कटे हैं। जबकि 220 मतदाताओं के नाम में संशोधन किया गया है। अब लोगों को वार्डों के आरक्षण सूची का इंतजार है।

 बीते दिनों ही शासन को आरक्षण सूची भेजी गई थी। सूची जारी होते ही चुनाव की सरगर्मी बढ़ जाएगी। जनपद के नगर पालिका मुगलसराय के अलावा चंदौली, सैयदराजा और चकिया नगर पंचायतों में ऑनलाइन व ऑफलाइन प्राप्त किए गए दावे आपत्तियों का निस्तारण करते हुए शुक्रवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।

मुगलसराय नगर पालिका में कुल 1,00,518 वोटर सूची में दर्ज किए गए हैं। चंदौली नगर पंचायत में 22,642 मतदाता, सैयदराजा नगर पंचायत में 16,432 मतदाता, चकिया नगर पंचायत में 14,996 मतदाता शामिल हैं। मतदाता सूची के अनुसार पीडीडीयू नगर पालिका में 6677 नए मतदाता बढ़े हैं। वहीं 1295 के नाम कटे और 136 मतदाताओं के नाम में संशोधन हुआ है।

इसके साथ साथ चंदौली नगर पंचायत में 925 नए मतदाता बढ़े हैं तो 86 लोगों का नाम कटा है और 59 मतदाताओं का संशोधन किया गया है। इसके अलावा सैयदराजा नगर पंचायत में 871 नए वोटर बढ़े हैं, 144 का नाम कटा है और 4 मतदाताओं के नाम का संशोधन हुआ है। वहीं चकिया नगर पंचायत में 829 नए मतदाता बनाए गए हैं। 134 वोटरों के नाम काटे गए हैं। वहीं 21 मतदाताओं के नाम में संशोधन हुआ है।

इस बारे में उप जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि सभी दावे आपत्तियों के निस्तारण करने के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। इसी पर अब चुनाव कराया जाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*