जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के आचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी कराएंगे राम दरबार समेत 8 मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा, 2 और ब्राह्मण होंगे शामिल

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 3 से 5 जून के बीच आयोजित होने जा रहा है।  इसके लिए आचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी 1 जून को अपने शिष्यों और वाराणसी के ब्राह्मणों के साथ अयोध्या के लिए रवाना होंगे।
 

रुपेठा के हनुमान पांडेय और सेवखर गांव के मनमोहन पांडेय भी होंगे शामिल

इंदिरा गांधी और नरेंद्र मोदी के लिए कर चुके हैं अनुष्ठान

अब राम मंदिर में कराएंगे 8 मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा

चंदौली जिले के रहने वाले आचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी अब एक और ऐतिहासिक जिम्मेदारी निभाने जा रहे हैं। वे अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में राम दरबार समेत आठ मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा कराएंगे। इसके पहले वे देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और गुजरात के मुख्यमंत्री रहते नरेंद्र मोदी के लिए अनुष्ठान करवा चुके हैं। 

मुगलसराय के पास सहजौर गांव के मूल निवासी आचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी ने इस तरह का मौका मिलने पर सादगी वाले अंदाज में कहा कि वे कुछ नहीं जानते, बस भगवान की कृपा और गुरुदेव के आशीर्वाद से इस तरह की सेवा का अवसर मिलता रहता है। यही सब उनकी लीला है, जिसने मुझे इस कार्य के लिए पात्र बनाया है।

वाराणसी से अयोध्या के लिए होंगे रवाना
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम 3 से 5 जून के बीच आयोजित होने जा रहा है।  इसके लिए आचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी 1 जून को अपने शिष्यों और वाराणसी के ब्राह्मणों के साथ अयोध्या के लिए रवाना होंगे। इस पूजन में उनके साथ चंदौली के दो अन्य ब्राह्मण—रूपेठा गांव के हनुमान पांडेय और सेवखर गांव के मनमोहन पांडेय भी सम्मिलित होंगे। कुल 101 ब्राह्मण इस विशिष्ट अनुष्ठान में सहभागिता करेंगे।

राम मंदिर निर्माण से जुड़े रहे शुरू से
वाराणसी के रामघाट स्थित सांगवेद विद्यालय से शिक्षित आचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी, प्रसिद्ध वैदिक विद्वान स्व. आचार्य लक्ष्मीकांत दीक्षित के शिष्य हैं। राम मंदिर के शिला पूजन और पूर्व के सभी प्रमुख अनुष्ठानों में वे अपने गुरु के साथ सक्रिय रूप से सम्मिलित रहे थे। अब गुरु के निधन के बाद वे इस महत्वपूर्ण प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान का नेतृत्व कर रहे हैं।

इंदिरा गांधी के निधन से पहले करायी थी पूजा
आचार्य जयप्रकाश त्रिपाठी ने 1977 में चुनाव हारने के बाद इंदिरा गांधी के लिए अनुष्ठान किया था। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी की हत्या से 15 दिन पहले तक वे उनके आवास पर अनुष्ठान कर रहे थे।

नरेंद्र मोदी के साथ भी जुड़ा है विशेष अध्याय
2014 में नरेंद्र मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भुज में उनके आचार्यत्व में 10,000 ब्राह्मणों के साथ विष्णु सौ मंडप यज्ञ का आयोजन हुआ था, जो एक अद्वितीय धार्मिक आयोजन था। उसमें भी इनको बुलाया गया था।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*