जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली के 225 ग्राम पंचायतों में 19.03 करोड़ की लागत से बनेंगे 'अन्नपूर्णा भवन', अब तक केवल 69 गांवों में बनी बिल्डिंग

चंदौली के 3.51 लाख राशन कार्डधारकों को अब धूप और बारिश में नहीं भटकना पड़ेगा। जिले की 225 ग्राम पंचायतों में 19 करोड़ तीन लाख 50 हजार रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं वाले 'अन्नपूर्णा भवनों' का निर्माण कराया जा रहा है।

 

जिले की 225 ग्राम पंचायतों में बनेंगे अन्नपूर्णा भवन

कुल 19 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपये का आएगा खर्च

एक अन्नपूर्णा भवन के निर्माण पर 8.46 लाख रुपये होंगे खर्च

जिले के 3.51 लाख कार्डधारकों को हर महीने मिलेगा फायदा

इसके बाद 40 प्रतिशत राशन दुकानें स्थायी भवनों में चलेंगी

चंदौली जिले के राशन कार्डधारकों के लिए एक बेहद शानदार और राहत भरी खबर सामने आई है। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को और ज्यादा मजबूत, पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। अब जिले की 225 ग्राम पंचायतों में 19 करोड़ तीन लाख 50 हजार रुपये की भारी-भरकम लागत से चमचमाते 'अन्नपूर्णा भवनों' का निर्माण कराया जाएगा।

annapurna-bhawan-construction-ration-card-holders

धूप और बारिश से मिलेगी परमानेंट राहत
इन आधुनिक सरकारी भवनों के बन जाने से सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि कोटेदार के यहां खाद्यान्न का सुरक्षित भंडारण हो सकेगा। इसके साथ ही उचित दर की दुकानों पर राशन लेने आने वाले गरीब कार्डधारकों को अब तपती धूप, कड़ाके की ठंड या मूसलाधार बारिश में खुले आसमान के नीचे लाइन नहीं लगानी पड़ेगी। उन्हें इन असुविधाओं से हमेशा के लिए परमानेंट राहत मिल जाएगी।

annapurna-bhawan-construction-ration-card-holders

3.51 लाख कार्डधारकों को सीधा फायदा
सरकारी आंकड़ों की मानें तो चंदौली जनपद में कुल 865 सस्ते गल्ले (राशन) की दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों से जिले के करीब 3.51 लाख राशन कार्डधारक हर महीने अपना खाद्यान्न या राशन लेते हैं। वर्तमान में जिले की 734 ग्राम पंचायतों में कोटे की दुकानें चल रही हैं, जिनमें से अभी सिर्फ 69 दुकानें ही सरकारी या स्थायी भवनों में संचालित हो पा रही हैं।

जानिए किस ब्लॉक में बनेंगे कितने भवन
अन्नपूर्णा भवन योजना के तहत जिले के अलग-अलग विकास खंडों (ब्लॉकों) के लिए बकायदा लक्ष्य तय कर दिए गए हैं। इसके तहत चंदौली, सकलडीहा, धानापुर, नियमताबाद और चकिया विकास खंड में 26-26 भवनों का निर्माण होगा। वहीं चहनियां और शहाबगंज में 25-25, बरहनी में 24 और नौगढ़ ब्लॉक में 21 अन्नपूर्णा भवन बनाए जाएंगे। इस लक्ष्य के पूरा होते ही जिले की 40 प्रतिशत दुकानें स्थायी भवनों में शिफ्ट हो जाएंगी।

एक भवन पर खर्च होंगे 8.46 लाख रुपये
जिला पूर्ति अधिकारी वासुदेव तिवारी ने बताया कि प्रत्येक अन्नपूर्णा भवन के निर्माण पर 8 लाख 46 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पूरी योजना के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के बजट से 150 अन्नपूर्णा भवन और वीबी जीरामजी के सहयोग से 75 भवन तैयार किए जाएंगे। विभाग को इसके लिए 12.69 करोड़ रुपये और वीबी जीरामजी से 6.34 करोड़ रुपये से अधिक के बजट की प्रशासनिक स्वीकृति भी मिल चुकी है।

मिलेंगी ये आधुनिक और शानदार सुविधाएं
इन नए अन्नपूर्णा भवनों में ग्रामीणों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। इस सिंगल विंडो मॉडल भवन में खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण के लिए एक बड़ा रूम, वितरण कक्ष, पक्का बरामदा, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की सुविधा, वेटिंग एरिया और सभी जरूरी सरकारी अभिलेखों के रखरखाव की समुचित व्यवस्था होगी। इसके अलावा इस परिसर में एक जन सुविधा केंद्र (CSC) और उचित दर की दुकान को स्मार्ट मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।

डीएम ने दिए जमीन चिह्नित करने के निर्देश
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप चयनित सभी ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। इसके लिए सभी एसडीएम, तहसीलदार और बीडीओ को तत्काल सुरक्षित सरकारी भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। चहनियां में चार, धानापुर में एक और नियमताबाद में दो स्थानों पर जमीन चिह्नित भी हो चुकी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में तय किए गए 75 भवनों के लक्ष्य में से छह भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है और उनके हस्तांतरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*