सभी पेट्रोल पंपों पर CCTV कैमरे अनिवार्य, पुलिस ने सीधे-सीधे दे दिए आधा दर्जन से अधिक टिप्स
पेट्रोल पंप संचालकों को नियम कानून समझा रहे हैं ASP-CO
पेट्रोल पंप संचालकों के साथ पुलिस की बैठक
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिए गए दिशा-निर्देश
चंदौली जिले में अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने एक अहम पहल की है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर और क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा जनपद के सभी पेट्रोल पंप संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम करना और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना था।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने पेट्रोल पंप संचालकों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिनमें प्रमुख रूप से कई बिंदुओं पर जानकारी देकर सतर्कता बरतने की अपील की गयी....
1. सभी पेट्रोल पंपों पर कार्यशील सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं और रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखी जाए।
2. देर रात आने-जाने वाले उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।
3. नकद लेन-देन में सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदेह की स्थिति में पुलिस को सूचित किया जाए।
4. पंप पर कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए।
5. ईंधन वितरण कतारबद्ध तरीके से हो और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि जैसे मिलावट या ओवर रेटिंग न होने दी जाए।
6. महिलाओं और उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार से बचा जाए, संचालक स्वयं सतर्क रहें।
7. 'नो हेलमेट, नो फ्यूल' अभियान को प्रभावी रूप से लागू किया जाए।
8. प्लास्टिक की बोतलों या डिब्बों में पेट्रोल न दिया जाए।
9. ईंधन भरवाने के बाद वाहन चालक तुरंत पंप से निकल जाएं और ओवरलोडिंग वाले वाहनों को पंप के आसपास खड़ा न किया जाए।

बैठक में उपस्थित सभी पेट्रोल पंप संचालकों ने पुलिस के निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। पुलिस विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि पेट्रोल पंप या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी सतर्कता से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। यह पहल जनपद में सुरक्षा और व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








