चंदौली जिले में कसी गयी शराब की दुकान चलाने वालों की नकेल, अवैध शराब बिक्री कराने वालों की खैर नहीं
अवैध शराब पर नकेल कसने के लिए पुलिस की सख्ती
शराब विक्रेताओं के साथ हुई बैठक
इसके पहले POS मशीन से दिए गए थे शराब बेंचने के निर्देश
चंदौली जिले में आगामी त्योहारों और चुनावों के मद्देनजर चंदौली पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले के अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चंद्रशेखर और अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन दिगंबर कुशवाहा ने मंगलवार, 16 सितंबर 2025 को जिले के सभी लाइसेंसी शराब विक्रेताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि जिले में शराब की बिक्री कानून के दायरे में हो और किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इस बैठक में क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे। इस दौरान कहा गया कि अगर किसी शराब के व्यापारी की अवैध बिक्री में संलिप्तता पायी गयी तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मीटिंग में दिए गए कड़े दिशा-निर्देश
पुलिस अधिकारियों ने शराब विक्रेताओं को कई सख्त निर्देश दिए, जिन पर उन्हें सख्ती से अमल करना होगा। इनमें प्रमुख हैं:---
1. केवल लाइसेंसी दुकानों पर ही निर्धारित समय के भीतर शराब की बिक्री की जाए।
2. दुकान के बाहर किसी भी तरह की अवैध भीड़ या जमावड़ा न होने दिया जाए।
3. नाबालिगों या बिना पहचान पत्र वाले व्यक्तियों को शराब न बेची जाए।
4. दुकानों पर निर्धारित रेट-लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य है, ताकि ग्राहक अधिक कीमत की शिकायत न कर सकें।
5. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित थाने को दी जाए।
6. अवैध शराब की बिक्री, होम डिलीवरी या तय कीमत से अधिक पर बेचने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
7. सुरक्षा के लिए सभी दुकानों के बाहर दो अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए कहा गया है।
इसके पहले भी जिलाधिकारी ने मीटिंग करके सभी शराब की दुकानों पर POS मशीन से शराब बेंचने के निर्देश दिए थे। ताकि कोई अवैध तरीके से लिमिट से ज्यादा शराब न खरीद सके।
पुलिस अधिकारियों ने शराब विक्रेताओं से शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। यह बैठक पुलिस प्रशासन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसमें वह जिले में आपराधिक गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








