जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

बाबा कीनाराम जन्मोत्सव 2026: मंदिर और आसपास के इलाके में 24 घंटे मिलेगी बिजली, सफाई के लिए फरमान जारी

चंदौली के कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में बाबा कीनाराम जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर अहम बैठक हुई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे बिजली, पानी, सफाई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम के निर्देश जारी किए गए हैं।
 

10 से 12 सितंबर तक चलेगा बाबा कीनाराम जन्मोत्सव

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने दिए 24 घंटे बिजली-सफाई के निर्देश

बिना सुरक्षा जांच के झूलों का संचालन करने पर रोक

श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कंट्रोल रूम व खोया-पाया केंद्र

ट्रैफिक सुचारू रखने के लिए रूट डायवर्जन व पार्किंग प्लान

चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। 10 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बाबा कीनाराम जन्मोत्सव समारोह को भव्य, सुगम और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए यह रणनीति तैयार की गई है। इस बैठक में मंदिर प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ-साथ जिले के सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

24 घंटे मिलेगी सफाई, बिजली और पेयजल की सुविधा
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने पूरे मेला परिसर में 24 घंटे सफाई, शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, चिकित्सा सेवा, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और खोया-पाया केंद्र की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। दर्शन पूजन को सरल बनाने के साथ-साथ मौके पर अग्निशमन गाड़ियां तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

 baba kinaram janmotsav dm meet

बिना सुरक्षा जांच के नहीं चलेंगे मेले के झूले
बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने सुरक्षा मानकों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि मेले में लगने वाले झूलों का संचालन तकनीकी जांच और सुरक्षा प्रमाणपत्र के बिना बिल्कुल न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा शासन और प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह का समझौता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 baba kinaram janmotsav dm

रूट डायवर्जन और पार्किंग के कड़े इंतजाम के निर्देश
मेले के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने क्षेत्राधिकारी को ट्रैफिक मैनेजमेंट का विशेष प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए रूट डायवर्जन और पार्किंग के कड़े इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा समेत मंदिर प्रबंधन के लोग उपस्थित रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*