Balua Police Encounter: लूट कांड का पर्दाफाश करने के चक्कर में मुठभेड़, दरोगा जमीलउद्दीन और शातिर लुटेरा घायल
चंदौली के चहनियां बाजार में पिस्टल सटाकर लूट करने वाले बदमाशों के साथ बलुआ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस गोलीबारी में जांबाज वरिष्ठ उपनिरीक्षक जमीलउद्दीन और एक शातिर लुटेरा घायल हो गए, जबकि दूसरे को भी दबोच लिया गया।
चहनियां बाजार लूट कांड के आरोपी गिरफ्तार
बलुआ पुलिस मुठभेड़ में दरोगा जमीलउद्दीन घायल
जवाबी फायरिंग में बदमाश अनुपम उर्फ गोलू घायल
दूसरा शातिर लुटेरा आकाश कुमार भी अरेस्ट
अवैध पिस्टल, तमंचा और लूटी गई नकदी बरामद
चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच एक सनसनीखेज मुठभेड़ हो गई। जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी, तभी चहनियां बाजार लूट कांड के आरोपी वहां से भागने की फिराक में दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने सीधे पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी।

दरोगा और शातिर लुटेरा गोली लगने से घायल
बदमाशों की तरफ से की गई इस अचानक फायरिंग में बलुआ थाने में तैनात जांबाज वरिष्ठ उपनिरीक्षक (दरोगा) जमीलउद्दीन के हाथ में गोली लग गई। इसके बावजूद पुलिस टीम ने हौसला नहीं खोया और आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से धानापुर का शातिर लुटेरा अनुपम पाण्डेय उर्फ गोलू पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी करते हुए उसके दूसरे साथी आकाश कुमार को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।
लूट का सामान और अवैध हथियार बरामद
पकड़े गए इन अभियुक्तों के पास से पुलिस ने 1 अवैध पिस्टल, 1 तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके साथ ही बदमाशों के पास से 3 जून को चहनियां बाजार में एक राहगीर से पिस्टल सटाकर लूटा गया मोबाइल और नकदी भी बरामद कर ली गई है। इन दोनों आरोपियों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
तस्करों के काल रहे हैं जांबाज दरोगा जमीलउद्दीन
इस मुठभेड़ में घायल हुए वरिष्ठ उपनिरीक्षक जमीलउद्दीन पुलिस विभाग में अपनी ईमानदारी और अपराध नियंत्रण के लिए जाने जाते हैं। वर्ष 2018 में वाराणसी के दालमंडी चौकी प्रभारी रहते हुए उन्होंने स्मैक तस्करी की कमर तोड़ी थी। इसके बाद 2021-22 में सैयदराजा में तैनाती के दौरान उन्होंने गो-तस्करी और शराब तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया था।
पुराने कप्तान से पा चुके हैं सम्मान
वर्ष 2023 से बलुआ थाने में तैनात जमीलउद्दीन ने लूट, चोरी और गो-तस्करी के कई संगीन मामलों का सफल अनावरण किया है। उन्होंने पुणे (महाराष्ट्र) से 5 साल से लापता एक युवती को भी सकुशल बरामद किया था। उनकी इन उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पुराने कप्तानों (पुलिस अधीक्षकों) द्वारा उन्हें समय-समय पर प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा चुका है। इस घटना में स्वयं घायल होने के बावजूद उन्होंने जिस साहस का परिचय दिया, उससे अपराधियों में कानून का खौफ और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








