जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

वर्षों का अंधेरा दूर: सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के प्रयास से भैंसा दलित बस्ती में पहली बार पहुंची बिजली

चंदौली के बरहनी ब्लॉक स्थित भैंसा दलित बस्ती में वर्षों बाद बिजली पहुंचने से ग्रामीणों में खुशी का ठिकाना नहीं है। विधायक सुशील सिंह के विशेष प्रयास से खंभे, तार और ट्रांसफार्मर लगाकर बस्ती के 200 घरों को रोशन किया गया है।

 
 

पिपरी के भैंसा दलित बस्ती में पहुंची बिजली

विधायक सुशील सिंह के प्रयास से हुआ विद्युतीकरण

बस्ती के करीब दो सौ घरों को मिलेगा लाभ

बिजली आने से बच्चों की पढ़ाई हुई आसान

चंदौली जिले के बरहनी विकासखंड अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा पिपरी के भैंसा दलित बस्ती के निवासियों के लिए रविवार का दिन एक नई सुबह लेकर आया। वर्षों से बुनियादी बिजली सुविधा से महरूम और अंधेरे में जीवन यापन कर रहे इस बस्ती में आखिरकार बिजली पहुंच गई है। विद्युत विभाग की टीम ने रविवार को पूरी तत्परता के साथ बस्ती में बुनियादी विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर आधिकारिक तौर पर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।

विधायक को सौंपा था पत्रक, शासन से स्वीकृत कराया प्रस्ताव
इस सुदूर बस्ती के ग्रामीणों ने कुछ समय पहले क्षेत्रीय सैयदराजा विधायक सुशील सिंह से मुलाकात की थी और एक मांग पत्र सौंपकर बस्ती को रोशन करने की गुहार लगाई थी। विधायक ने इस जनसमस्या को बेहद गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए शासन को बस्ती में बिजली के खंभे, नए तार और ट्रांसफार्मर लगाने का विधिवत प्रस्ताव भेजा था। शासन से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद रविवार को यह कार्य धरातल पर पूरा हो गया।

200 परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ, पढ़ाई और पेयजल संकट दूर
इस कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मौके पर विधायक प्रतिनिधि पिंटू सिंह के साथ उनके सहयोगी आलोक राय और सौरभ राय स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों के साथ खड़े रहकर कार्य को सुचारू रूप से पूरा कराया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस विद्युतीकरण से बस्ती के करीब दो सौ घरों को सीधा लाभ मिलेगा। अब बिजली उपलब्ध हो जाने से बच्चों की रात की पढ़ाई, पीने के पानी की व्यवस्था और अन्य जरूरी दैनिक कार्यों में काफी सहूलियत हो जाएगी।

बिजली आपूर्ति शुरू होते ही पूरी बस्ती में उत्सव जैसा माहौल बन गया। इस ऐतिहासिक पहल पर स्थानीय ग्रामीण रामसरन राम, आशीष कुमार, चन्दन कुमार, नितिश कुमार, गुड्डू भारती, राजेन्द्र, कुलदीप, गुड़िया, इन्द्रासनी, उषा, पूजा और सरिता सहित भारी संख्या में उपस्थित महिलाओं और पुरुषों ने विधायक सुशील सिंह के इस सराहनीय प्रयास की जमकर प्रशंसा की और उनके प्रति आभार जताया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*