बिसौरी में खेल मैदान पर कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास बनाने का विरोध तेज, ग्राम प्रधान ने CM योगी को लिखा लेटर
बिसौरी प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान में छात्रावास का विरोध
ग्राम प्रधान सुषमा देवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा पत्र
आसपास के 40 से 50 गांवों का इकलौता विकसित खेल मैदान
सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को होगी परेशानी
जिलाधिकारी, सांसद और विधायक को भी भेजी गई पत्र की प्रतिलिपि
चंदौली जिले के सदर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बिसौरी में प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान पर प्रस्तावित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास के निर्माण को लेकर ग्रामीणों का विरोध शुरू हो गया है। गांव के लोगों ने एकजुट होकर खेल मैदान को बचाने की मुहिम छेड़ दी है। इसी क्रम में बिसौरी की ग्राम प्रधान सुषमा देवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भेजकर विद्यालय के खेल मैदान को समाप्त कर वहां छात्रावास बनाए जाने के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है।

40 से 50 गांवों के बच्चों और युवाओं के लिए है इकलौता सहारा
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में ग्राम प्रधान सुषमा देवी ने बताया है कि बिसौरी स्थित पीएनएम श्री प्राथमिक विद्यालय का भवन और इसका खेल मैदान काफी विकसित अवस्था में है। आसपास के करीब 40 से 50 गांवों में खेलकूद के लिए कोई दूसरा उपयुक्त मैदान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह मैदान पूरे क्षेत्र के बच्चों और युवाओं के शारीरिक विकास के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण स्थान बना हुआ है। इस मैदान पर लंबे समय से जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होता आ रहा है।
भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं और बुजुर्गों को होगी बड़ी परेशानी
ग्राम प्रधान ने पत्र के माध्यम से प्रशासन का ध्यान इस ओर भी खींचा है कि बिसौरी सहित आसपास के दर्जनों गांवों के बच्चे यहां रोजाना दौड़ और अन्य खेलों का अभ्यास करते हैं। इसके अलावा, पुलिस भर्ती, सेना भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा भी इसी मैदान में पसीना बहाते हैं। इतना ही नहीं, गांव के बुजुर्ग और बीमार लोग भी सुबह-शाम यहां टहलकर स्वास्थ्य लाभ लेते हैं। मैदान पर निर्माण होने से इन सभी लोगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो जाएगी।
विद्यालय से दूर है छात्रावास की प्रस्तावित जगह
ग्रामीणों और ग्राम प्रधान का कहना है कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, गांव बिसौरी के इस स्कूल मैदान से काफी दूरी पर स्थित है। ऐसे में प्राथमिक विद्यालय के खेल मैदान को खत्म करके यहां छात्रावास बनाने का कोई स्पष्ट औचित्य ग्रामीणों को समझ में नहीं आ रहा है। गांव के लोगों ने आपस में बैठक और विचार-विमर्श करने के बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से शासन-प्रशासन तक अपनी यह जायज आपत्ति पहुंचाई है।
जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी को भी भेजी गई पत्र की प्रति
ग्राम प्रधान सुषमा देवी ने मुख्यमंत्री से ग्रामीणों, बच्चों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित छात्रावास निर्माण को तुरंत रद्द करने की गुहार लगाई है। इस पत्र की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी चंदौली, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय, मुगलसराय विधायक रमेशचंद्र जायसवाल तथा राज्यसभा सांसद साधना सिंह को भी भेजी गई है। अब पूरे गांव की निगाहें शासन और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







