जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल बोले- सपा के गुंडों पर नकेल कसना जानते हैं योगी बाबा, जल्द होगी कार्रवाई

ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल ने दावा करते हुए कहा कि वे विकास कार्य करने वाले व्यक्ति हैं और पिछड़े ब्लॉक को प्रदेश में आगे ले जाने का प्रयास कर रहे हैं।
 

ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी का खेल जारी

उपेन्द्र गुड्डू के खिलाफ खुलकर बोले ब्लॉक प्रमुख

सपा के गुंडों के साथ मिलकर कर रहे हैं गुंडई

जल्द प्रशासन करेगा सब पर कार्रवाई

चंदौली जनपद के चहनिया विकासखंड में ब्लॉक प्रमुख के लिए तख्तापलट की कोशिश जारी है। वर्तमान भाजपा के ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल द्वारा क्षेत्र पंचायत सदस्यों को रोके जाने धमकी देने व अपहरण आदि का आरोप पूर्व ब्लाक प्रमुख पति उपेंद्र सिंह गुड्डू पर पत्रकार वार्ता के द्वारा लगाया जा रहा है।

आपको बता दें कि चहनिया ब्लॉक जनपद का पिछड़ा ब्लॉक भी घोषित है, जहां ब्लॉक प्रमुख के लिए तख्तापलट का प्रयास किया जा रहा है।  सत्ता पक्ष के ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल ने प्रेस वार्ता के माध्यम से पत्रकारों को बताया कि चहनिया ब्लॉक में कुल 105 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं, जिनमें 61 महिलाएं हैं और 44 पुरुष  हैं। जबकि पूर्व ब्लाक प्रमुख पति द्वारा 85 बीडीसी का अपने को समर्थन में बताया जा रहा है। वहीं सपा विधायक के पास 25 बीडीसी बताये जा रहे हैं। जबकि गुरुवार को बजट बैठक के लिए आए 42 क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने लिखित तौर पर मेरे साथ रहने का दावा किया है। ऐसे में उनके सारे दावे बेकार हैं।

ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल ने दावा करते हुए कहा कि वे विकास कार्य करने वाले व्यक्ति हैं और पिछड़े ब्लॉक को प्रदेश में आगे ले जाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे रोकने के लिए सपा के गुंडा माफिया लगे हुए हैं।  इन गुंडों द्वारा गरीब व कमजोर क्षेत्र पंचायत सदस्यों को रोका जा रहा है। उनको धमकाया जा रहा है और समर्थन देने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

 वहीं पूर्व ब्लॉक प्रमुख पति उपेंद्र सिंह गुड्डू द्वारा सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह के द्वारा ब्लॉक में दखल दिए जाने की बात पर अरुण जायसवाल ने कहा कि सैयदराजा विधायक जिले के ही नहीं बल्कि प्रदेश के विकास करने वाले विधायक हैं।  जनता ने उनको चार बार के विधायक बनाया है।
सैयदराजा विधायक के पैड पर अनुमोदन के द्वारा ही मुझे भाजपा ने चहनिया ब्लॉक प्रमुख का उम्मीदवार बनाया। उन्हीं के सहयोग से मैं ब्लॉक प्रमुख बना और यहां पर कार्य कर रहा हूं। विधायक हम लोग के सहयोगी व गार्जियन हैं। उनका सहयोग सदा अपेक्षित रहता है।

 वहीं पूर्व ब्लाक प्रमुख पति उपेंद्र सिंह गुड्डू को समाजवादी पार्टी के गुंडा की संज्ञा देते हुए ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि उनके द्वारा बीडीसी के अपहरण का प्रयास किया जा रहा था, जिसका मुकदमा भी बलुआ थाने में दर्ज है।  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बाबा अपराधियों पर नकेल कसना जानते हैं। गरीब कमजोर लोगों पर धौंस जमाने वाले अपराधियों पर प्रशासन भी कार्यवाही करेगा।

 पूरे जनपद में इस समय चहनिया ब्लॉक चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक तरफ सैयदराजा विधायक सुशील सिंह का सम्मान भाजपा ब्लाक प्रमुख की कुर्सी बचाने में जुड़ा हुआ है। वहीं समाजवादी पार्टी के विधायक के सहयोग से पूर्व ब्लाक प्रमुख पति उपेंद्र सिंह गुड्डू तख्ता पलट करने में जुटे हुए हैं। अब आने वाला समय ही बताएगा कि ब्लॉक की राजनीति किस करवट बैठेगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*