जिला अस्पताल में खुलेगा कैंसर सेंटर, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
चंदौली जिला अस्पताल में खुलेगा डे केयर कैंसर सेंटर
मरीजों को अब इलाज के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर
कैंसर जांच व इलाज की व्यवस्था जिले में पहली बार
24.50 लाख आबादी को मिलेगा बेहतर स्वास्थ्य लाभ
चंदौली जिले में अब कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए वाराणसी, लखनऊ या अन्य महानगरों की ओर भागना नहीं पड़ेगा। चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पं. कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल में जल्द ही डे केयर कैंसर सेंटर की स्थापना होने जा रही है।
आपको बता दें कि यह पहल राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के गैर संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम (एनपी-एनसीडी) के तहत की गई है। कैंसर मरीजों के इलाज और देखरेख के लिए एक विशेषज्ञ चिकित्सक और दो पैरामेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अब घर के पास मिलेगा इलाज
जनपद की 24.50 लाख की आबादी लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की जांच और इलाज के लिए संघर्ष कर रही थी। यहां मरीजों को केवल प्राथमिक जांच के बाद हायर सेंटर भेज दिया जाता था। ऐसे में गरीब और ग्रामीण परिवारों के लिए वाराणसी या लखनऊ तक जाना बहुत मुश्किल हो जाता था। अब जिला अस्पताल में सेंटर खुलने से बड़ी राहत मिलेगी।
मरीजों की परेशानी होगी कम
अक्सर शुरुआती स्टेज पर जांच न हो पाने के कारण कई मरीजों की हालत बिगड़ जाती थी। हायर सेंटर जाने में समय और पैसा दोनों खर्च होते थे। वहीं, कई मरीज इलाज अधूरा छोड़ने को मजबूर हो जाते थे। अब सेंटर खुलने से लक्षण दिखने पर तुरंत जांच और समय रहते इलाज संभव होगा।
इस तरह होगा कैंसर सेंटर
कैंसर सेंटर के लिए जिला अस्पताल में जगह चिह्नित कर ली गई है। औषधि भंडार कक्ष को मेडिकल कॉलेज के नवनिर्मित भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। खाली हुए कक्ष में चिकित्सक और स्टाफ रूम, औषधि कक्ष, वेटिंग एरिया और पाँच बेड का वार्ड बनाया जाएगा।
उम्मीद की नई किरण
हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर से जनवरी से अब तक जिले में 107 व्यक्तियों में कैंसर के लक्षण मिले हैं, जबकि हायर सेंटरों ने 36 मरीजों को चिह्नित किया है। ऐसे में कैंसर सेंटर की स्थापना इन मरीजों और उनके परिजनों के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आई है।
अधिकारियों की प्रतिक्रिया
उप प्राचार्य डॉ. नैंसी पारुल ने बताया कि चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ की सूची तैयार कर ली गई है, जिन्हें प्रशिक्षण के लिए एनएचएम निदेशक को भेजा गया है। वहीं सीएमओ कार्यालय की ओर से परामर्शदाता डॉ. रामकुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








