चकिया विधानसभा की 80 सड़कें होंगी दुरुस्त, 20 करोड़ की बनी है कार्ययोजना
80 सड़कों की मरम्मत का बनेगा रोडमैप
20 करोड़ की लागत से सुधरेंगे रास्ते
पीडब्ल्यूडी ने शासन को भेजा प्रस्ताव
जल्द शुरू होगा मरम्मत कार्य
चंदौली जिले के चकिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की जर्जर सड़कों को जल्द ही नया जीवन मिलने वाला है। लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) ने 80 क्षतिग्रस्त सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए करीब 20 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। यह प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और स्वीकृति मिलने के बाद मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, यह योजना मुख्य रूप से उन सड़कों पर केंद्रित है जो पिछले दो वर्षों से खराब पड़ी हैं और जिन पर आवागमन में ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान तो कई मार्ग कीचड़ में तब्दील हो जाते हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित होता है।
शासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी द्वारा किए गए सर्वे में चकिया विधानसभा की करीब 60 किलोमीटर लंबी सड़कों को चिन्हित किया गया है। इन सड़कों पर गड्ढे बन चुके हैं, डामर उखड़ गया है और किनारे टूटे पड़े हैं। कई स्थानों पर तो सड़कें चलने लायक भी नहीं बची हैं। ग्रामीणों ने लंबे समय से मरम्मत की मांग उठाई थी, जिसके बाद विभाग ने विशेष प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया है।
इन सड़कों की होगी मरम्मत
कार्ययोजना में शाहपुर से सुल्तानपुर विश्वकर्मा मंदिर मार्ग, जेगुरी–पचपरा–चकिया मार्ग, लेहरा शाखा से राजवाहा माइनर होते हुए घोड़सारी व इमिलिया, बेन–धरोली से कुशहा दलित बस्ती, गांधीनगर से रसिया दलित बस्ती, चंदौली–धरौली मार्ग से नरायनपुर–विजयपुर, चंदौली–चकिया मार्ग से कांटा स्थित खुशीबीर बाबा मंदिर तक, तथा सीहर से मनकपड़ा तक की सड़कें शामिल हैं।
गांव के रास्ते कीचड़ में तब्दील
इलिया ब्लॉक के मनकपड़ा गांव का मुख्य मार्ग हल्की बरसात में कीचड़ से भर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले डेढ़ दशक से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। कई बार आईजीआरएस पोर्टल व ब्लॉक मुख्यालय पर शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
अधिकारियों का बयान
खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह ने बताया कि मनकपड़ा मार्ग के संबंध में कोई प्रस्ताव अभी तक ब्लॉक को प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन संबंधित प्रधान को निर्देशित किया गया है। वहीं पीडब्ल्यूडी (निर्माण खंड) के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि चकिया विधानसभा की 80 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई है। धन मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








