चंदौली में अधिवक्ता पर हमले से भड़के वकील, विधायक की पैरवी के आगे सुस्त हैं चंदौली पुलिस, SP से मिले वकील
अधिवक्ता पर हमले से वकीलों में भारी आक्रोश
विधायक के करीबी बताए जा रहे हमलावर
पुलिस पर राजनीतिक दबाव में कार्रवाई न करने का आरोप
एसपी से की तत्काल और कठोर कार्रवाई की मांग
अब विधायक की ऐसी की तैसी करने वाले हैं चंदौली के अधिवक्ता
चंदौली जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक अधिवक्ता पर अपराधी प्रवृत्ति के युवकों द्वारा किए गए हमले को लेकर जिले के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया है। सोमवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। उन्होंने एसपी से मुलाकात कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब न्याय दिलाने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
बार एसोसिएशन ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। अध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने इस धीमी कार्रवाई को निराशाजनक बताया। पूर्व अध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने तो यहां तक आरोप लगाया कि हमलावर कथित रूप से मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल के करीबी हैं, जिसके कारण पुलिस उचित कार्रवाई करने से बच रही है और राजनीतिक दबाव में काम कर रही है।
प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
चंद्रभान सिंह ने पुलिस को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर राजनीतिक दबाव में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई, तो अधिवक्ता समाज प्रदेशभर में आंदोलन छेड़ देगा। उन्होंने दावा किया कि पूरे प्रदेश में एक लाख से अधिक अधिवक्ता एकजुट होकर संघर्ष करने में सक्षम हैं और दमन या दबाव से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने यहां तक चेतावनी दी कि जल्द कार्यवाही न होने पर थाना प्रभारी के लिए नौकरी करना भी मुश्किल हो जाएगा।

एसपी ने दिया निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन
वकीलों के बढ़ते आक्रोश और आंदोलन की चेतावनी के बाद, पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अब चंदौली जिले की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सदर कोतवाली पुलिस इस गंभीर प्रकरण पर कितना कड़ा कदम उठाती है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






