चंदौली की चारों विधानसभाओं के बूथ फाइनल, अब घर बैठे ऑनलाइन और तहसीलों में जाकर देख सकते हैं लिस्ट
चंदौली जिले में 2027 चुनाव की तैयारियाँ तेज हो गई हैं। निर्वाचन आयोग ने चारों विधानसभाओं के पोलिंग बूथों की सूची को मंजूरी दे दी है, जिसे लोग अब मुफ़्त देख सकते हैं।
चंदौली चुनाव 2027 बूथ सूची मंजूर
चारों विधानसभा सीटों के बूथ फाइनल
निर्वाचन आयोग ने दी आधिकारिक मंजूरी
तहसीलों और वेबसाइट पर उपलब्ध सूची
आम जनता के लिए मुफ़्त अवलोकन
चंदौली जिले में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ काफी तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारत निर्वाचन आयोग ने चंदौली जनपद की सभी चारों विधानसभा सीटों के पोलिंग बूथों (मतदेय स्थलों) के पुनर्गठन और सूची को अपनी औपचारिक मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब मतदाता आसानी से जान सकेंगे कि उनका वोट किस बूथ पर पड़ेगा।
4 नवंबर को मिली निर्वाचन आयोग की मंजूरी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी और अपर जिलाधिकारी (फाइनेंस/रेवेन्यू) राजेश कुमार ने इस संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 की धारा 25 के तहत निर्वाचन आयोग द्वारा 04 नवंबर 2026 को पोलिंग बूथों के सम्भाजन प्रस्तावों और अंतिम सूचियों को अनुमोदित कर दिया गया है। आयोग से मंजूरी मिलने के बाद अब आगे की चुनावी प्रक्रिया को रफ्तार दी जा रही है।
जिले की चारों विधानसभा सीटों के बूथ हुए फाइनल
प्रशासन द्वारा तैयार की गई इस अनुमोदित सूची में जिले की चारों प्रमुख विधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें 380-मुगलसराय, 381-सकलडीहा, 382-सैयदराजा और 383-चकिया (अ०जा०) शामिल हैं। इन चारों क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा और आबादी के हिसाब से बूथों का पुनर्गठन किया गया है ताकि चुनाव के दिन लोगों को वोट डालने में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
ऑनलाइन और ऑफलाइन मुफ़्त देख सकेंगे सूची
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि अनुमोदित सूचियाँ आम जनता के निःशुल्क अवलोकन के लिए सार्वजनिक कर दी गई हैं। आम नागरिक अपने बूथ की जानकारी जिला निर्वाचन कार्यालय और जनपद की सभी तहसील कार्यालयों में जाकर ले सकते हैं। इसके अलावा लोग चंदौली जिले की आधिकारिक वेबसाइट (chandauli.nic.in) के DEO पोर्टल पर जाकर भी ऑनलाइन मुफ़्त में यह सूची देख सकते हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







