Chandauli Chhath Puja: छठी मैया के जयकारों से गूंजे चंदौली के घाट, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ा आस्था का सैलाब
चंदौली जिले में छठ पूजा की धूम
डूबते सूर्य को दिया जा रहा अर्घ्य
मानसरोवर तालाब पर उमड़ा आस्था का सैलाब
ADG वाराणसी और SP ने लिया जायजा
सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ टीम मुस्तैद
चंदौली जिले में लोक आस्था के महापर्व डाला छठ की धूम पूरे जिले में देखने को मिल रही है। जिला मुख्यालय से लेकर मुगलसराय, सकलडीहा-चहनिया, धानापुर, सैयदराजा, चकिया और नौगढ़ तक हर तरफ भक्ति और उल्लास का माहौल है। आज शाम अस्ताचलगामी यानी डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जा रहा है। इसके लिए व्रती महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री से सजी डलिया और सूप लेकर छठी मैया के पारंपरिक गीत गाती हुईं घाटों की ओर रवाना हुईं। जिले के प्रमुख तालाबों, अमृत सरोवरों, नहरों और गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी हुई है।
मानसरोवर और दामोदर दास तालाब पर जगमगाई रोशनी
मुगलसराय के ऐतिहासिक मानसरोवर तालाब और दामोदर दास पोखरे पर छठ पूजा के दौरान आस्था का जबरदस्त सैलाब उमड़ पड़ा है। सभी घाटों को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। मुगलसराय, सकलडीहा और सैयदराजा इलाके के घाट छठी मैया के जयकारों से गूंज रहे हैं। शाम ढलते ही व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना शुरू कर दी है और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रही हैं।

ADG वाराणसी और DM-SP ने संभाला सुरक्षा का मोर्चा
छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एडीजी (ADG) वाराणसी नवीन अरोरा स्वयं मुगलसराय के मानसरोवर तालाब पहुंचे और व्यवस्थाओं को परखा। वहीं, जिलाधिकारी (DM) ने भी विभिन्न घाटों का भ्रमण कर तैयारियों की समीक्षा की। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक (SP) चंदौली आकाश पटेल, एडिशनल एसपी, सीओ और भारी पुलिस बल के साथ दामोदर दास तालाब व अन्य घाटों पर लगातार चक्रमण कर रहे हैं।

नगर पालिका और तहसील प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद
घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था को लेकर नगर पालिका और तहसील प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) धर्मवीर सिंह ने एनडीआरएफ (NDRF) टीम के साथ दामोदर दास पोखरे का सघन निरीक्षण किया और सुरक्षा मानकों की जांच की। दूसरी ओर, सकलडीहा में एसडीएम (SDM) ने दुर्गा मंदिर तालाब पर पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

NDRF की टीमें कर रहीं लगातार निगरानी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख तालाबों और गंगा घाटों पर एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों को तैनात किया गया है। एनडीआरएफ के जवान नावों के जरिए पानी में लगातार भ्रमण कर रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन की इस मुस्तैदी और पुख्ता इंतजामों के बीच पूरे जिले में बेहद शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण माहौल में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जा रहा है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







