विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस ने भरी हुंकार, भाजपा और सपा दोनों को देगी टक्कर
'पीडीए' को किनारे करके अकेले लड़ेगी MLC चुनाव लड़ेगी कांग्रेस
चंदौली में MLC प्रत्याशियों ने पार्टियों पर साधा निशाना
शिक्षक-स्नातक MLC चुनाव के लिए कांग्रेस की खास रणनीति
राहुल-प्रियंका के हाथों को मजबूत करने का संकल्प
चंदौली जिले में आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने जिले में अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है। जिला मुख्यालय स्थित चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में न केवल चुनाव की रणनीति पर गंभीर चर्चा हुई, बल्कि पार्टी ने स्पष्ट कर दिया कि वह इस बार भाजपा के साथ-साथ समाजवादी पार्टी (सपा) को भी कड़ी टक्कर देगी।
खास बात यह है कि सपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों ने विधान परिषद चुनाव में 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के मुद्दे से किनारा करते हुए, यह चुनाव अलग-अलग लड़ने का फैसला किया है।

योग्य प्रत्याशियों के साथ चुनावी मैदान में कांग्रेस
बैठक में वाराणसी निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी संजय राय प्रियदर्शी और स्नातक एमएलसी प्रत्याशी अरविंद सिंह पटेल शामिल हुए, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह 'मुन्ना' ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव में बेहद योग्य और कर्मठ प्रत्याशी उतारे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश और देश के पढ़े-लिखे लोगों की पहली पसंद अब कांग्रेस पार्टी बन रही है, जिसका सकारात्मक असर आगामी चुनाव परिणामों में दिखाई देगा।

जीत के लिए ब्लॉक स्तर पर तैयारी
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि पार्टी ने स्नातक एमएलसी के लिए अरविंद सिंह पटेल और शिक्षक एमएलसी के लिए संजय राय प्रियदर्शी को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने संकल्प लिया कि चंदौली के सभी कांग्रेस नेता और पदाधिकारी एकजुट होकर अपने दोनों प्रत्याशियों को चुनाव जिताएंगे। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर मतदाता बनाने की प्रक्रिया की समीक्षा की और जीत का दावा करते हुए कहा कि इस जीत से आदरणीय राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे साहब के हाथों को मजबूती मिलेगी।
शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने मुगलसराय क्षेत्र में जीत सुनिश्चित करने का दावा किया। उन्होंने कहा कि शहरी वोट हमेशा से कांग्रेस पार्टी के साथ रहा है और मुगलसराय से कांग्रेस प्रत्याशी को बड़े अंतर से जिताया जाएगा।
बैठक का संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया, जिसमें सर्वश्री मधु राय, दया राम पटेल, तरुण पाण्डेय, अकील अहमद, बाबू तौफीक खान, शशि नाथ उपाध्याय, गंगा प्रसाद, रीना देवी, सतीश बिंद, विजय त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह बैठक आगामी एमएलसी और पंचायत चुनावों में पार्टी की मजबूती सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*






