जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन: 'पे टू एटीएम' को बताया 'पे टू मोदी', UPI टैक्स वापस लेने की उठाई मांग

चंदौली जिला मुख्यालय पर कांग्रेस ने यूपीआई पर लगाए गए टैक्स के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कार्यकर्ताओं ने इस फैसले को तुरंत वापस लेने और आंदोलन की चेतावनी दी।

 
 

चंदौली में यूपीआई टैक्स के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

'पे टू एटीएम' को कांग्रेस ने बताया 'पे टू मोदी'

2000 रुपये से अधिक लेनदेन पर शुल्क का विरोध

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने सरकार पर बोला हमला

मांग पूरी न होने पर सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी

चंदौली जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रभारी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और डिजिटल लेनदेन पर लगाए गए नए शुल्कों को तुरंत वापस लेने की पुरजोर मांग की।

chandauli-congress-protest-against-upi-tax-submission-of-memorandum

'पे टू एटीएम' का मतलब 'पे टू मोदी': कांग्रेस
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार यूपीआई के माध्यम से आम जनता से जबरन टैक्स वसूल रही है। कार्यकर्ताओं ने तंज कसते हुए कहा कि अब 'पे टू एटीएम' का असली मतलब 'पे टू मोदी' हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आम लोगों की गाढ़ी कमाई लूटने के लिए यह नया नियम लागू किया है।

डिजिटल भुगतान पर बढ़ा आर्थिक बोझ
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था की शुरुआत आम नागरिकों और छोटे व्यापारियों की सुविधा के लिए की गई थी। लेकिन भाजपा सरकार ने इस पर नया नियम और टैक्स लगाकर देश की जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने मांग की कि डिजिटल पेमेंट पर लगाए गए इस टैक्स को सरकार तुरंत वापस ले।

2000 से ज्यादा के लेनदेन पर टैक्स का विरोध
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण लोग पहले से ही महंगाई और आर्थिक तंगी से परेशान हैं। नए नियमों के अनुसार 2000 रुपये से अधिक के लेनदेन पर व्यापारियों को टैक्स देना पड़ रहा है, जिससे व्यापारी वर्ग भी बेहद चिंतित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने टैक्स वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी।

प्रदर्शन में मौजूद रहे प्रमुख नेता
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान बृजेश गुप्ता, मधु राय, रामानंद यादव, रजनीकांत पांडेय, राजेंद्र गौतम, सतीश बिंद, गंगा प्रसाद, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, दयाराम पटेल, माधवेंद्रमूर्ति ओझा, नवीन पांडेय और शिवेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*