जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

चंदौली जिले को मिला पहला IVF सेंटर, सांसद विनोद बिंद ने किया उद्घाटन

चंदौली जिले को पहला इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) सेंटर मिल गया है। आज रविवार के दिन भदोही के भाजपा सांसद डॉ. विनोद बिंद ने इसका उद्घाटन किया है।
 

नि:संतान दंपतियों के लिए उम्मीद की नई किरण

सैम हॉस्पिटल के सहयोग से इंदिरा आईवीएफ की शुरुआत

डॉ. अज्मे जेहरा की अहम भूमिका

चंदौली  जिलेवासियों के लिए एक चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुयी है।  चंदौली जिले को पहला इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (आईवीएफ) सेंटर मिल गया है। आज रविवार के दिन भदोही के भाजपा सांसद डॉ. विनोद बिंद ने इसका उद्घाटन किया है। यह आईवीएफ सेंटर सैम हॉस्पिटल के माध्यम से चंदौली जिला मुख्यालय पर इंदिरा आईवीएफ द्वारा स्थापित किया गया है। इस नई पहल से उन हजारों दंपतियों को लाभ मिलेगा, जो संतान की प्राप्ति के लिए वर्षों से प्रयासरत हैं।

भाजपा सांसद विनोद बिंद ने सेंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है। यह न सिर्फ चंदौली बल्कि पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के लिए खास है, क्योंकि यह केंद्र नि:संतान दंपतियों के जीवन में खुशियाँ लौटाने का कार्य करेगा।

 BJP MP Dr Vinod Bind

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता और गुणवत्तापूर्ण इलाज हर नागरिक का अधिकार है और इस दिशा में यह एक मजबूत कदम है। सांसद ने अस्पताल प्रबंधन को बधाई देते हुए आशा जताई कि यहा आने वाले मरीजों को उचित देखभाल और सहानुभूतिपूर्ण इलाज मिलेगा।

कम लागत में विश्वस्तरीय इलाज की सुविधा
सैम हॉस्पिटल के संचालक ने  डॉ. एसजी इमाम  बताया कि इस आईवीएफ सेंटर में विश्वस्तरीय तकनीकों का इस्तेमाल किया जाएगा और इलाज की लागत अन्य शहरों की तुलना में काफी कम होगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि आम आदमी को भी उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवा मिले। इसलिए हमने इलाज की दरें इतनी तय की हैं कि किसी को आर्थिक तंगी के चलते इलाज से वंचित न रहना पड़े।

 BJP MP Dr Vinod Bind

उन्होंने यह भी घोषणा की कि शुरुआती कुछ महीनों में आने वाले मरीजों के लिए विशेष छूट योजना चलाई जाएगी, जिससे वे न्यूनतम खर्च में उच्चस्तरीय इलाज प्राप्त कर सकेंगे।

डॉ. अज्मे जेहरा की अहम भूमिका
आईवीएफ सेंटर की प्रमुख विशेषज्ञ डॉ. अज्मे जेहरा ने जानकारी दी कि इस क्षेत्र में यह पहला केंद्र है, जो पूर्ण रूप से आईवीएफ तकनीक से लैस है। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले मरीजों को पूरी गोपनीयता, उचित मार्गदर्शन और उन्नत तकनीकी सुविधाएं दी जाएंगी। हम न सिर्फ आईवीएफ बल्कि आईयूआई, आईसीएसआई, एग फ्रीजिंग जैसी सभी आधुनिक सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि जिले के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों और बिहार के सीमावर्ती जिलों के दंपतियों को इसका बहुत लाभ मिलेगा। क्योंकि अब उन्हें दिल्ली, वाराणसी या लखनऊ जैसे शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

 BJP MP Dr Vinod Bind

स्थानीय लोगों में उत्साह
चंदौली जिले के लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है। स्थानीय निवासी संगीता देवी, जो कई वर्षों से संतान प्राप्ति के लिए प्रयत्नशील हैं, कहती हैं कि अब हमें अपने इलाज के लिए बड़े शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा। यही हमारे लिए बहुत बड़ी बात है। हम लोग आसानी से अपनी इलाज करा लेंगे।

महिला समूहों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने भी इंदिरा आईवीएफ केंद्र की शुरुआत को सराहा और कहा कि इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को बहुत लाभ होगा, जो आमतौर पर आर्थिक और सामाजिक कारणों से इलाज नहीं करवा पातीं।

 BJP MP Dr Vinod Bind

स्वास्थ्य के क्षेत्र में बढ़ते कदम
यह आईवीएफ सेंटर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के स्तर को नई ऊँचाई पर ले जाने वाला है। यह केंद्र न केवल उपचार प्रदान करेगा, बल्कि लोगों में जागरूकता भी फैलाएगा कि बांझपन कोई लाइलाज समस्या नहीं है। इसके इलाज अब उनके अपने ही जिले में उपलब्ध हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि यदि यह पहल सफल होती है, तो आने वाले समय में इस मॉडल को अन्य जिलों में भी अपनाया जा सकता है। इसके अलावा यह भी आशा की जा रही है कि चंदौली जल्द ही एक मेडिकल हब के रूप में उभरेगा, जहाँ उन्नत चिकित्सा सुविधाएं ग्रामीण क्षेत्रों के नजदीक उपलब्ध होंगी।

 BJP MP Dr Vinod Bind

चंदौली में इंदिरा आईवीएफ सेंटर की शुरुआत एक सकारात्मक पहल है, जो क्षेत्र के चिकित्सा परिदृश्य को बदल सकती है। यह केंद्र तकनीकी दक्षता, अनुभवी चिकित्सकों और मानवीय दृष्टिकोण के साथ हजारों परिवारों को संतान सुख की ओर एक नई आशा देगा।

इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और जिला प्रशासन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*