हर साल डूबने वाले गांव की आई याद! डीएम ने चुरमुली में बाढ़ राहत कार्यों का लिया जायजा
चंदौली के डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने बाढ़ प्रभावित चुरमुली गांव का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर राहत सामग्री, दवाएं और साफ पानी मुहैया कराने के निर्देश दिए। नुकसान के पारदर्शी सर्वे के भी आदेश जारी किए।
चंदौली डीएम का चुरमुली गांव दौरा
बाढ़ राहत सामग्री वितरण के निर्देश
फसल और मकान नुकसान सर्वे आदेश
स्वास्थ्य और पशुपालन टीम अलर्ट मोड पर
जलभराव और जमीनी हालात का जायजा
चंदौली जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जब हालात बिगड़ने लगे, तब आखिरकार जिला प्रशासन की नींद टूटी। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने हर साल बाढ़ के पानी में डूबने वाले चुरमुली गांव का धरातलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खुद बाढ़ के पानी से घिरे इलाकों में पहुंचकर जलभराव की स्थिति देखी और राहत कार्यों का जायजा लिया।
गांव वालों से सीधा संवाद और भरोसा
निरीक्षण के दौरान डीएम गर्ग ने चुरमुली गांव के लोगों से सीधे बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह से उनके साथ खड़ा है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों तक भोजन, राशन किट, पीने का साफ पानी और जरूरी दवाएं बिना किसी देरी के पहुंचाई जाएं।
नुकसान का सटीक सर्वे करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद तहसीलदार और लेखपाल को सख्त लहजे में कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का पूरी ईमानदारी से आकलन किया जाए। फसलों, मकानों और पशुधन की क्षति का सही सर्वे कर जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपी जाए, ताकि पीड़ित ग्रामीणों को समय पर सरकारी आर्थिक मदद दी जा सके। लेखपालों को गांव में ही रुककर काम करने का आदेश दिया गया है।
बीमारियों से बचाव के लिए अलर्ट
बाढ़ के बाद फैलने वाली संक्रामक बीमारियों को रोकने के लिए डीएम ने स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग को अलर्ट मोड पर रखा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में लगातार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, क्लोरीन गोलियों का वितरण और पशुओं का टीकाकरण समय से होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
क्या वाकई बदलेगी धरातल पर तस्वीर?
इस दौरान राजस्व विभाग की टीम, जिले के कई बड़े अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। डीएम साहब ने लंबे-चौड़े निर्देश तो जारी कर दिए हैं, लेकिन हर साल जलभराव झेलने वाले इस गांव के लोगों को राहत मिलती है या नहीं, यह 2-3 दिनों में सामने आ जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







