जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

सकलडीहा के मतदान केंद्रों पर DM-SP ने की चेकिंग, युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने पर जोर

डीएम शैलेष कुमार और एसपी आकाश पटेल ने सकलडीहा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए।
 

डीएम शैलेष कुमार और एसपी आकाश पटेल ने सकलडीहा का किया निरीक्षण

18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं के नाम सूची में जोड़ने पर जोर

28 और 29 नवंबर को आयोजित हो रहा विशेष अभियान दिवस

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों पर रहेंगे बीएलओ

मतदाता पंजीकरण जानकारी के लिए 1950 टोल फ्री नंबर पर करें संपर्क

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 28 नवंबर 2026 को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने विकास खंड सकलडीहा के कई मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार (महेसुआ) और बट्ठी जूनियर हाई स्कूल बालिका विद्यालय चतुर्भुजपुर पहुंचकर मतदाता पंजीकरण कार्यों का जायजा लिया।

चंदौली: डीएम और एसपी ने सकलडीहा के मतदान केंद्रों का लिया जायजा, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील

18 वर्ष के युवाओं के नाम जोड़ने पर जोर
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां मौजूद बीएलओ और निर्वाचन कर्मियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान सभी पात्र नागरिकों और खासकर 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए तेजी से काम किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, शुद्धता और तय नियमों का पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति छूट न पाए।

चंदौली: डीएम और एसपी ने सकलडीहा के मतदान केंद्रों का लिया जायजा, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील

28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या किसी भी तरह के संशोधन के लिए 28 नवंबर के अलावा 29 नवंबर 2026 (रविवार) को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक बीएलओ मौजूद रहेंगे और नागरिकों से सीधे फॉर्म तथा आवेदन पत्र प्राप्त करेंगे।


चंदौली: डीएम और एसपी ने सकलडीहा के मतदान केंद्रों का लिया जायजा, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की अपील

नागरिकों से डीएम की अपील
जिलाधिकारी ने चंदौली जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने पास के मतदान केंद्र पर जरूर जाएं और मतदाता सूची में अपना व अपने परिवार के सदस्यों का नाम जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूट गया है या नाम, पता और अन्य जानकारी में सुधार कराना है, तो वे तय फॉर्म भरकर आवेदन कर दें। मतदाता पंजीकरण से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*