चंदौली से Breaking News: कार्य में लापरवाही पर DPRO का बड़ा एक्शन, 6 सफाई कर्मी निलंबित और सचिव पर भी एक्शन
चंदौली के चहनियां विकासखंड में DPRO नीरज सिन्हा ने औचक निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई की है। साफ-सफाई में लापरवाही और पंचायत भवनों में खामियां पाए जाने पर 6 सफाई कर्मियों को तत्काल निलंबित और सचिव पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
चहनियां विकासखंड में DPRO का औचक निरीक्षण
साफ-सफाई में लापरवाही पर 6 सफाई कर्मी निलंबित
पंचायत भवन की बदहाली पर सचिव पर कार्रवाई
चंदौली में सरकारी कामकाज में कोताही पर एक्शन
ग्राम पंचायत हिनौता और लक्ष्मणगढ़ में मिली खामियां
चंदौली जिले के चहनियां विकासखंड में सरकारी योजनाओं और साफ-सफाई की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) नीरज सिन्हा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विकासखंड के ग्राम पंचायत हिनौता रमौली, लक्ष्मणगढ़ और रानेपुर में जो हकीकत सामने आई, वह बेहद निराशाजनक थी। लापरवाही को देखते हुए DPRO ने तत्काल प्रभाव से कड़ा एक्शन लिया है।

सफाई कर्मियों पर निलंबन की गाज
निरीक्षण के दौरान हिनौता रमौली और लक्ष्मणगढ़ में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई मिली। संबंधित सफाई कर्मियों के न तो ग्रामों में साफ-सफाई का कार्य किया गया था और न ही वे अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे। हर जगह गंदगी का अंबार लगा था। इस गंभीर लापरवाही के चलते सतीश कुमार सिंह, विजेन्द्र कुमार चौहान, नरेन्द्र कुमार, लालव्रत यादव, अखिलेश गुप्ता और पंकज कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पंचायत भवनों में मिली भारी खामियां
केवल सफाई ही नहीं, बल्कि पंचायत भवनों की स्थिति भी अत्यंत दयनीय पाई गई। हिनौता रमौली में पंचायत भवन का सीलिंग फैन खराब था, वाई-फाई कनेक्शन और सोलर पैनल नहीं लगे थे। साथ ही जन सेवा केंद्र की आईडी और शौचालय रजिस्टर जैसी बुनियादी चीजों का अभाव था। वहीं, रमौली पंचायत भवन में ताले बंद मिले और परिसर में काफी गंदगी पाई गई। लक्ष्मणगढ़ पंचायत भवन में भी इनवर्टर और बैटरी के अभाव में कामकाज ठप था, शौचालय गंदे थे और सामुदायिक शौचालय भी क्रियाशील नहीं पाए गए। रानेपुर में भी वाई-फाई और सामुदायिक शौचालय की बदहाली सामने आई।
सचिव पर अनुशासनात्मक कार्रवाई
इन सभी ग्राम पंचायतों में फैली अव्यवस्था और सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने के आरोपी ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) आशुतोष सिंह के विरुद्ध जिला पंचायत राज अधिकारी ने कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई संस्थित कर दी है। DPRO की इस कार्रवाई से पूरे विकासखंड में हड़कंप मच गया है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि ग्राम पंचायतों के विकास और साफ-सफाई के प्रति किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आने वाले दिनों में अन्य पंचायतों में भी इसी तरह की गहन जांच की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








